कानपुर : उत्तर प्रदेश के कानपुर जिले से छात्रा को छेड़छाड़ का विरोध करना महंगा पड़ गया. युवक के द्वारा छात्रा के साथ छेड़छाड़ का विरोध करने पर सरेआम पिटाई की और मुंह पर थूककर भाग गया. हालांकि, पुलिस ने जब गिरफ्तार किया तो युवक तख्ती लेकर निकला, जिसपर लिखा था कि मुझे माफ कर दीजिए, आज से हर लड़की को अपनी मां-बहन मानूंगा. कक्षा 11वीं में पढ़ने वाली एक छात्रा कोचिंग के लिए घर से निकली थी. रास्ते में एक युवक ने उसे रोक लिया और छात्रा के विरोध करने पर तीन थप्पड़ जड़ दिए. छात्रा को अपमानित करने के लिए युवक ने चेहरे पर थूक दिया. इस दौरान जबरन बाइक पर बैठाने की कोशिश भी की. शोर मचाने पर आसपास के छात्र और राहगीर पहुंचे तो युवक धमकी देते हुए भाग गया.
छात्रा की मां का आरोप है कि आरोपी युवक पिछले कई दिनों से उनकी बेटी का पीछा कर रहा था. 8 सितंबर की शाम वह अपने 8–10 साथियों के साथ आया था और बेटी का हाथ पकड़कर खींचने लगा. विरोध करने पर थप्पड़ मारकर बदसलूकी की गई थी. मौके पर मौजूद कोचिंग के छात्रों ने जब हस्तक्षेप किया तो आरोपी के साथियों ने उन्हें भी जमकर पीटा. इस दौरान एक छात्र का चश्मा टूट गया था.
तहरीर के बाद मुकदमा हुआ दर्ज
पीड़िता की मां ने पहले स्थानीय थाने में शिकायत की, लेकिन कार्रवाई न होने पर संयुक्त पुलिस आयुक्त के पास शिकायत लेकर पहुंच गई. संयुक्त पुलिस आयुक्त का निर्देश मिलने के बाद पुलिस सक्रिय हुई. दबाव बढ़ने पर पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार किया. थाने पहुंचे आरोपी गले में तख्ती पड़ा हुआ था. जिस पर लिखा था कि "मुझे माफ कर दीजिए, आज से हर लड़की को अपनी मां-बहन मानूंगा".
अन्य आरोपियों की होगी तलाश
डीसीपी साउथ ने बताया कि शिकायत के आधार पर छेड़छाड़, मारपीट और धमकी की धाराओं में युवक के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है. आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है. आगे सीआरपीसी के तहत पीड़िता का बयान दर्ज कराया जाएगा. पुलिस अब आरोपी के अन्य साथियों की तलाश कर रही है.