बेंगलुरु में 'खौफ की रात': कुछ घंटों में तीन हत्याओं से दहला आईटी सिटी, दो महिलाओं समेत हिस्ट्रीशीटर की हत्या

Amanat Ansari 30 Jun 2026 11:38: AM 1 Mins
बेंगलुरु में 'खौफ की रात': कुछ घंटों में तीन हत्याओं से दहला आईटी सिटी, दो महिलाओं समेत हिस्ट्रीशीटर की हत्या

बेंगलुरु: देश की आईटी राजधानी बेंगलुरु रविवार रात महज कुछ घंटों के भीतर हुई तीन अलग-अलग हत्याओं से दहल उठी. अलग-अलग इलाकों में दो महिलाओं की हत्या कर दी गई, जबकि एक कुख्यात हिस्ट्रीशीटर को बीच सड़क पर दौड़ाकर धारदार हथियारों से काट डाला गया. लगातार हुई इन वारदातों ने शहर में कानून-व्यवस्था को लेकर नए सवाल खड़े कर दिए हैं. 

पहली घटना महालक्ष्मी लेआउट इलाके की है, जहां 23 वर्षीय अंजलि की उसके प्रेमी राजीव ने कथित तौर पर शादी को लेकर हुए विवाद के बाद चाकू मारकर हत्या कर दी. पुलिस के अनुसार दोनों तीन साल से अधिक समय से रिश्ते में थे, लेकिन युवती का परिवार राजीव के आपराधिक रिकॉर्ड के कारण इस रिश्ते का विरोध कर रहा था. घटना के कुछ ही देर बाद पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया. 

दूसरी वारदात बोम्मनहल्ली थाना क्षेत्र के मुनियप्पा लेआउट में सामने आई, जहां 40 वर्षीय कृष्णा बर्मन अपने किराए के मकान में मृत पाई गईं. प्रारंभिक जांच में गला घोंटकर हत्या किए जाने की आशंका जताई जा रही है. पुलिस महिला के परिचितों और हाल के संपर्कों की जांच कर रही है.

तीसरी और सबसे सनसनीखेज घटना जेपी नगर रोड स्थित आईजी सर्किल के पास हुई. हिस्ट्रीशीटर राजा उर्फ हलमुक राजा पर कई हमलावरों ने बीच सड़क पर धारदार हथियारों से हमला कर दिया. सीसीटीवी फुटेज में हमलावर उसे दौड़ाते हुए और गिरने के बाद भी लगातार हमला करते हुए दिखाई दे रहे हैं. गंभीर रूप से घायल राजा को अस्पताल ले जाया गया, जहां उसकी मौत हो गई. 

पुलिस के मुताबिक राजा के खिलाफ हत्या, हत्या के प्रयास और लूट समेत कई आपराधिक मामले दर्ज थे. शुरुआती जांच में इस वारदात के पीछे पुरानी गैंग रंजिश और बदले की भावना की आशंका जताई जा रही है. तीनों मामलों की अलग-अलग जांच की जा रही है और पुलिस आरोपियों व उनके मकसद का पता लगाने में जुटी है.

bengaluru murders anjali murder krishna barman rajeev arrest

Recent News