कोलकाता: पश्चिम बंगाल में TMC की चुनावी हार के बाद पार्टी में बगावत और टूट का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है. इसी बीच एक दिलचस्प वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें TMC कार्यकर्ता BJP में शामिल होने पहुंचे, लेकिन उनका स्वागत हरे गुलाल से हुआ और कुछ ही देर बाद उन्हें बाहर का रास्ता दिखा दिया गया.
वीडियो के अनुसार, कुछ स्थानीय TMC कार्यकर्ता BJP कार्यालय पहुंचे थे. BJP कार्यकर्ताओं ने पहले तो उनका हरे रंग का गुलाल लगाकर स्वागत किया. लेकिन इसके तुरंत बाद BJP कार्यकर्ता ने उनसे सवालों की बौछार कर दी. पूछा, "आप वही तो हैं न, जो विकास योजनाओं में कटमनी (कमीशन) वसूलते थे?" "आपका वो वायरल वीडियो वही वाला है न?"
"किसकी परमिशन से रोड टैक्स और दलाली वसूलते थे?" जब TMC कार्यकर्ता इन सवालों का जवाब देने लगे तो BJP कार्यकर्ता भड़क गया. उसने कहा, "आपकी हिम्मत कैसे हुई यहां आने की? किसने बुलाया आपको?" इसके बाद उनके पूरे चेहरे पर भरपूर हरा गुलाल पोत दिया गया और हाथ से दरवाजे की ओर इशारा करते हुए बाहर निकाल दिया गया.
TMC में जारी है भगदड़
एक अन्य TMC कार्यकर्ता ने पूछा, "दादा, क्या हम भी चले जाएं?" तो BJP कार्यकर्ता ने उसे भी तुरंत बाहर जाने को कह दिया. पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनावों में TMC की हार के बाद पार्टी छोड़ने का सिलसिला तेज हो गया है. अब तक कई सांसद, विधायक और स्थानीय नेता BJP या अन्य गुटों की ओर रुख कर चुके हैं. तीन राज्यसभा सांसद इस्तीफा दे चुके हैं. 80 विधायकों में से 60 ऋतब्रत बनर्जी के साथ अलग गुट बना चुके हैं, जबकि काकोली घोष दस्तीदार की अगुवाई में 20 सांसदों ने भी अलग गुट को मान्यता देने की मांग की है.
यह वीडियो TMC के आंतरिक कलह और BJP में शामिल होने वाले नेताओं-कार्यकर्ताओं के प्रति सख्त रवैये को दिखाता है. फिलहाल वीडियो सोशल मीडिया पर खूब चर्चा में है. यह घटना TMC के भारी नुकसान और पश्चिम बंगाल की सियासी हलचल को और बढ़ा रही है.