TVK secures majority in Tamil Nadu: लंबे इंतजार और गठबंधन की खींचतान के बाद आखिरकार तमिलनाडु में अभिनेता विजय की पार्टी TVK के लिए राह आसान हो गई है. कांग्रेस और वीसीके के साथ-साथ वामपंथी दल CPI और CPI(M) ने भी TVK को समर्थन देने की घोषणा कर दी है. हालांकि, वाम दलों ने समर्थन के साथ एक शर्त भी लगा दी है.
दोनों पार्टियों ने साफ कहा है कि वे बाहर से समर्थन देंगे, लेकिन अपनी चुनी हुई विधायकों को विजय के मंत्रिमंडल में शामिल नहीं करेंगे और न ही सरकार में कोई पद स्वीकार करेंगे. CPI और CPI(M) की संयुक्त प्रेस कॉन्फ्रेंस में CPI के राज्य सचिव आर. मुथरासन वीरपांडियन ने बताया कि TVK ने तीनों दलों CPI, CPI(M) और VCK — से समर्थन मांगा था. इसके बाद दोनों वाम दलों ने अपनी-अपनी पार्टी की बैठकें कीं और लोकतांत्रिक प्रक्रिया से फैसला लिया.
वीरपांडियन ने कहा, “लोकतंत्र में उतार-चढ़ाव आते रहते हैं. तमिलनाडु की जनता ने TVK को अपना जनादेश दिया है. हमने भी उसी लोकतांत्रिक भावना से निर्णय लिया है. हम कैबिनेट में नहीं जाएंगे. TVK के साथ कोई गठबंधन नहीं है, केवल समर्थन है. कुछ मुद्दों पर हम DMK के साथ खड़े रहेंगे.”
इस समर्थन से TVK शिविर में खुशी की लहर है. चुनाव में सबसे बड़ी पार्टी बनकर उभरी TVK को स्पष्ट बहुमत नहीं मिला था, जिसकी वजह से सरकार गठन अटका हुआ था. अब वामपंथी दलों के इस फैसले के बाद TVK के सरकार बनाने का रास्ता साफ हो गया है.
गौरतलब है कि कुछ दिन पहले VCK ने TVK की गठबंधन रणनीति पर सवाल उठाए थे. ऐसे में वाम दलों का यह समर्थन तमिलनाडु की विपक्षी राजनीति में नए समीकरणों का संकेत दे रहा है. बताया जा रहा है कि विजय जल्द ही राज्यपाल से मुलाकात करेंगे और सरकार बनाने का दावा पेश करेंगे.