मध्य प्रदेश के जबलपुर में आज सुबह रेल हादसा हो गया. सोमनाथ एक्सप्रेस के दो डिब्बे पटरी से उतर गए. ये हादसा जबलपुर स्टेशन से करीब 200 मीटर पहले हुआ. ट्रेन की गति कम होने की वजह से बड़ी दुर्घटना होने से टल गयी. फिलहाल इस दुर्घटना में किसी भी तरह के जान-माल की हानि की सूचना नहीं है. मामले की जांच जारी है.
पश्चिम मध्य रेलवे के सीपीआरओ हर्षित श्रीवास्तव ने जानकारी दी है कि इंदौर से आ रही ट्रेन, जब जबलपुर रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर-6 की ओर बढ़ रही थी, तभी 2 डिब्बे पटरी से उतर गए. हालांकि ट्रेन की गति धीमी थी. उन्होंने कहा कि किसी प्रकार का नुकसान नहीं हुआ है, सभी यात्री सुरक्षित हैं. घटना करीब 6 बजे घटित हुई. ट्रेन के 2 डिब्बे प्लेटफॉर्म से करीब 150 मीटर दूर ही पटरी से उतर गए.