नई दिल्ली: शुक्रवार से शुरू हो रहा अंडर-19 एशिया कप 2025 युवा सितारों के लिए बड़ा मौका लेकर आया है. कप्तान आयुष म्हात्रे की अगुवाई वाली भारतीय जूनियर टीम अपना पहला मुकाबला 12 दिसंबर को दुबई के आईसीसी एकेडमी मैदान पर यूएई के खिलाफ खेलेगी. उसके ठीक दो दिन बाद, 14 दिसंबर को रविवार को चिर-प्रतिद्वंद्वी पाकिस्तान से जबरदस्त भिड़ंत होगी, जो आईसीसी एकेडमी में ही होगी.
पाकिस्तान के खिलाफ इस रोमांचक जंग को लेकर भारतीय प्रशंसक खासा जोश में हैं. हाल के एसीसी एमर्जिंग एशिया कप में पाकिस्तान ने भारत को मात दी थी, इसलिए इस बार टीम बदला लेने को बेताब है. मैच में म्हात्रे के अलावा 15 साल के धाकड़ बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी का कमाल देखने को मिलेगा.
सूर्यवंशी ने हाल के एशिया कप राइजिंग स्टार्स टी20 इवेंट में धमाल मचाया था. यूएई के खिलाफ 42 गेंदों पर 144 रन ठोकते हुए 11 चौके और 15 छक्के जड़ दिए थे. अब वनडे फॉर्मेट में उनका प्रदर्शन उत्सुकता बढ़ा रहा है.
भारतीय टीम ग्रुप ए में पाकिस्तान, यूएई और मलेशिया के साथ है, जबकि ग्रुप बी में बांग्लादेश, श्रीलंका, अफगानिस्तान व नेपाल की टीमें हैं. ग्रुप स्टेज का आखिरी मैच 16 दिसंबर को मलेशिया से दुबई के द सेवन्स स्टेडियम में होगा. सभी ग्रुप मुकाबले भारतीय समयानुसार सुबह 10:30 बजे शुरू होंगे, टॉस 10 बजे.