नई दिल्ली: उदयपुर के सवीना थाना इलाके में एक ऐसा मामला सामने आया है, जिसमें एक युवक ने अपनी असली पहचान छिपाकर एक युवती के साथ संबंध बनाए और बाद में उसे धर्म बदलने के लिए मजबूर करने की कोशिश की. पीड़िता, जिसके माता-पिता का तलाक हो चुका था, ननिहाल में रहती थी. साल 2020 में जब वह सलूम्बर में पढ़ाई कर रही थी, तो इंस्टाग्राम के जरिए उसकी दोस्ती एक व्यक्ति से हुई, जिसने खुद को वसीम खान बताया.
बातचीत आगे बढ़ी और वसीम ने उसके एक दोस्त को भी युवती का नंबर दे दिया. इसके बाद एक अनजान नंबर से कॉल आने लगा. कॉल करने वाले ने अपना नाम शिवम बताया और रोज़ फोन पर बात करने लगा. धीरे-धीरे दोनों मिलने भी लगे. शिवम उसे मंदिर घुमाने भी ले जाता था. उसने शिवम मीणा नाम का आधार कार्ड भी दिखाया, जिससे युवती का कोई शक नहीं हुआ.
साल 2022 में युवती ने बलीचा गोवर्धन विलास इलाके में अलग कमरा लिया और दोनों वहां साथ रहने लगे. इस दौरान कई बार उनके बीच शारीरिक संबंध बने. इसी बीच शिवम ने एक लिव-इन रिलेशनशिप का सर्टिफिकेट भी बनवा लिया. जब युवती उसके घर गई, तो असलियत सामने आई. वह मुस्लिम था और उसका असली नाम शौकीन मोहम्मद था. इसके बाद उसने युवती पर लगातार धर्म परिवर्तन कर शादी करने का दबाव बनाना शुरू कर दिया.
युवती ने संबंध तोड़ दिए, लेकिन शौकीन ने पीछा नहीं छोड़ा. उसने आपत्तिजनक फोटो वायरल करने की धमकी दी. परेशान होकर युवती ने सवीना थाने में शिकायत दर्ज कराई. पुलिस ने जांच के बाद आरोपी शौकीन मोहम्मद को गिरफ्तार कर लिया. पता चला कि उसने फर्जी नाम से आधार कार्ड भी बनवा रखा था. यह घटना धोखाधड़ी, विश्वासघात और जबरन धर्म परिवर्तन के दबाव जैसी गंभीर बातों को उजागर करती है.