मॉस्को: रूस की राजधानी मॉस्को क्षेत्र में रविवार सुबह यूक्रेनी ड्रोन हमले में एक भारतीय श्रमिक की मौत हो गई, जबकि तीन अन्य भारतीय श्रमिक घायल हो गए. भारतीय दूतावास ने इसकी पुष्टि की है. भारतीय दूतावास के अनुसार, मॉस्को क्षेत्र में हुए इस हमले में एक भारतीय की जान चली गई.
घायल तीनों श्रमिकों का अस्पताल में इलाज चल रहा है. दूतावास के अधिकारी तुरंत घटनास्थल पर पहुंचे और घायलों से मुलाकात कर उनका हालचाल लिया. दूतावास ने सोशल मीडिया पर जारी बयान में गहरा दुख व्यक्त करते हुए कहा कि हम इस दुखद घटना पर गहरा शोक व्यक्त करते हैं. प्रभावित श्रमिकों को हर संभव मदद उपलब्ध कराई जा रही है. कंपनी प्रबंधन और स्थानीय प्रशासन के साथ समन्वय में काम किया जा रहा है.
रूसी अधिकारियों के मुताबिक, यह हाल के महीनों में मॉस्को क्षेत्र पर सबसे बड़ा ड्रोन हमला था. रात भर चले हमलों में कम से कम तीन लोगों की मौत हुई, जबकि 12 से ज्यादा लोग घायल हुए. मॉस्को के मेयर सर्गेई सोबयानिन ने बताया कि मॉस्को की तेल रिफाइनरी को कोई बड़ा नुकसान नहीं पहुंचा, लेकिन तीन आवासीय मकानों को क्षति हुई. रूस के रक्षा मंत्रालय ने दावा किया कि पूरे देश में 556 यूक्रेनी ड्रोन मार गिराए गए.
यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमिर ज़ेलेंस्की ने हमले को जायज ठहराते हुए कहा कि यह रूस के हमलों का प्रतिशोध है. उन्होंने रूसियों से अपील की कि अपना युद्ध समाप्त करें. अपडेट: भारतीय दूतावास घायलों की स्थिति पर लगातार नजर रखे हुए है और परिवारों से संपर्क में है.