महाराष्ट्र में अब केंद्रीय मंत्री की बेटी के साथ छेड़खानी, वीडियो बना रहे थे, सुरक्षा गार्ड ने रोका तो मारपीट की

Amanat Ansari 02 Mar 2025 04:27: PM 2 Mins
महाराष्ट्र में अब केंद्रीय मंत्री की बेटी के साथ छेड़खानी, वीडियो बना रहे थे, सुरक्षा गार्ड ने रोका तो मारपीट की

Khadse Daughter Harassment Case: उधर महाराष्ट्र के पुणे में बस रेप कांड का मामला चल ही रहा था कि इधर एक और बड़ी घटना को हो गई. दावा किया गया है कि एक धार्मिक समारोह के दौरान मनचलों ने केंद्रीय खेल राज्य मंत्री रक्षा खडसे की बेटी के साथ छेड़खानी कर दी. वहीं पुलिस ने मामले में ढिलाई बरती तो केंद्रीय मंत्री खुद रिपोर्ट लिखाने थाने पहुंच गई, जिसके बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है. पुलिस दावा कर रही है जल्द ही अन्य आरोपियों को भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा.

मीडिया रिपोर्ट्स से जानकारी मिली है कि शुक्रवार को महाशिवरात्रि के मौके जलगांव में आयोजित एक धार्मिक यात्रा में खडसे की बेटी के साथ छेड़खानी की गई थी. इस दौरान उसके साथ और भी लड़कियां थी. पुलिस को दी गई शिकायत से पता चलता है कि केंद्री मंत्री रक्षा खडसे की बेटी अपनी सहेलियों के साथ जलगांव के कोथली गांव में धार्मिक यात्रा देखने गई थी. इस दौरान उसके साथ उनके सुरक्षा गार्ड भी मौजूद थे. तभी सुरक्षा गार्ड को कुछ मनचलों पर शक हुआ कि वे मंत्री की बेटी और उसकी सहेली के परिवार का वीडियो बना रहे हैं. तभी सुरक्षा गार्ड ने मोबाइल छीन कर जांच की तो मनचलों ने आपा खो दिया और सुरक्षा गार्ड से भिड़ गए. दावा किया जा रहा है कि मनचलों ने सुरक्षा गार्ड के साथ मारपीट भी की.

इस बीच मामले की जानकारी जब केंद्रीय मंत्री रक्षा खडसे को लगी तो सुरक्षा गार्ड के साथ वह भी जलगांव के मुक्ताई नगर थाने पहुंची. जहां पुलिस ने सभी आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज किया. सभी मनचलों पर छेड़छाड़ और सरकारी काम में बाधा डालने का आरोप लगा है. वहीं केंद्रीय मंत्री पुलिस अधिकारियों से जल्द से जल्द आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग की, जिसके बाद पुलिस अधिकारी हरकत में आए और त्वरित कार्रवाई कर एक आरोपी गिरफ्तार कर लिया.

पुलिस की ओर से जानकारी दी गई है कि 28 फरवरी के जलगांव जिले मुक्ताईनगर के कोथली गांव में एक धार्मिक यात्रा आयोजित की जा रही थी. इस दौरान सात लड़कों ने मिलकर कुछ लड़कियों का पीछा किया और भद्दे-भद्दे कमेंट कर छेड़खानी करने की कोशिश की. मनचलों की पहचान पियूष मोरे, अनिकेत भुई, अनुज पाटिल, सोहम कोणी, किरण माणी और सचिन पाल के रूप में हुई है. जिसमें से एक आरोपी को अरेस्ट कर लिया गया है और अन्य की तलाश की जा रही है. पुलिस की ओर से जानकारी दी गई है कि एक आरोपी अनिकेत के खिलाफ पहले से एक मामला दर्ज है.

घटना के सामने आने के बाद एक बार फिर राज्य में महिला सुरक्षा की स्थिति पर सवाल उठ रहे हैं. गौरतलब हो कि कुछ दिन पहले ही पुणे में एक 23 वर्षीय महिला के साथ रेप की घटना घटित हुई थी, जिसके बाद पुणे सहित राज्य के विभिन्न शहरों में सामाजिक संगठन और शिवसेना यूबीटी सहित विपक्ष के लोगों ने प्रदर्शन किया था. हालांकि इस मामले में भी आरोपी गिरफ्तार कर लिया गया है. इसी बीच एक और घटना सामने आने के बाद लोग राज्य सरकार को सुरक्षा के मुद्दे पर घेर रही है. 

Maharashtra Crime Molestation Women Safety Maharashtra Crime

Recent News