Suvendu Adhikari PA Chandranath Rath Murder: पश्चिम बंगाल में मुख्यमंत्री सुवेंदु अधिकारी के निजी सहायक चंद्रनाथ रथ की हत्या का मामला दिन-प्रतिदिन गंभीर होता जा रहा है. नतीजे आने के एक दिन बाद हमलावरों ने उनकी हत्या कर दी थी. इसी बीच एसआईटी की जांच में चौंकाने वाले तथ्य सामने आए हैं. पुलिस के अनुसार, हमलावरों ने बेहद पेशेवर तरीके से महज 45 से 50 सेकंड के अंदर वारदात को अंजाम दिया.
हमले की सटीक प्लानिंग
जांच एजेंसियों को लगता है कि शूटरों को चंद्रनाथ रथ की गाड़ी में उनकी सटीक सीटिंग पोजीशन की पूरी जानकारी पहले से थी. उत्तर 24 परगना जिले के माध्यामग्राम स्थित दोहरिया क्रॉसिंग के पास यह घटना हुई. एक सिल्वर कलर की कार ने चंद्रनाथ की गाड़ी को रोका, जिसके तुरंत बाद बाइक सवार हमलावरों ने फायरिंग कर दी. हमला खत्म होने के बाद आरोपी लाल रंग की कार और मोटरसाइकिल से फरार हो गए. सीसीटीवी फुटेज में एक संदिग्ध वाहन भी दिखा है, जो काफी देर से चंद्रनाथ की कार का पीछा कर रहा था. पुलिस उस गाड़ी की भी तलाश कर रही है.
8 लोगों की पर गहरा शक
SIT का अनुमान है कि इस हत्याकांड की पूरी साजिश में कम से कम 8 लोग शामिल थे. इनमें कुछ स्थानीय अपराधी भी मददगार थे. पुलिस ने अब तक तीन लोगों को हिरासत में लिया है और उनसे पूछताछ जारी है. हालांकि अभी कोई औपचारिक गिरफ्तारी नहीं हुई है. सूत्रों के मुताबिक, मुख्य हमलावर (शार्पशूटर) उत्तर प्रदेश और बिहार से बुलाए गए थे. इस संबंध में पुलिस की टीमों को दोनों राज्यों में भेजा गया है.
चोरी के वाहनों का इस्तेमाल
हमले में इस्तेमाल की गई बाइक और कार चोरी की बताई जा रही हैं. पुलिस ने बरासात इलाके में एक मोटरसाइकिल बरामद की है, जबकि घटनास्थल के पास भी एक वाहन मिला था. दोनों वाहनों की जांच चल रही है. मामले की जांच तेजी से जारी है और आगे और खुलासे होने की उम्मीद है.