BJP MLA Shalabh Mani Tripathi: उत्तर प्रदेश के देवरिया में एक अनोखा और सराहनीय मामला सामने आया है. भाजपा विधायक शलभ मणि त्रिपाठी पहले बिना हेलमेट के नई बुलेट मोटरसाइकिल चलाते नजर आए, फिर खुद पुलिस को पत्र लिखकर अपनी गलती पर कार्रवाई करने की अपील कर दी. विधायक ने बताया कि रविवार सुबह उनके आवास के पास चाय की दुकान पर बैठे हुए थे.
इसी दौरान भाजपा कार्यकर्ता प्रमोद मणि ने अपनी नई बुलेट चलाने का आग्रह किया. हेलमेट न होने के बावजूद विधायक उनके अनुरोध को टाल नहीं सके और थोड़ी दूरी तक बाइक चलाई. बाद में जब उन्हें अपनी गलती का अहसास हुआ, तो उन्होंने देवरिया पुलिस को लिखित में सूचित किया और चालान काटने की मांग की. शलभ मणि त्रिपाठी ने सोशल मीडिया पर लिखा कि यातायात नियमों का पालन करना हर नागरिक की जिम्मेदारी है.
उन्होंने लोगों से अपील की कि दोपहिया वाहन चलाते समय हमेशा हेलमेट पहनें और दूसरों को भी इसके लिए प्रोत्साहित करें. विधायक की अपील पर देवरिया पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए ₹1000 का चालान काट दिया, जिसकी राशि शलभ मणि त्रिपाठी ने तत्काल जमा भी कर दी. उन्होंने पुलिस का धन्यवाद करते हुए कहा कि नियम सबके लिए बराबर होने चाहिए.
यह घटना इसलिए चर्चा में है क्योंकि आमतौर पर नेता नियम तोड़ने के बाद बचने की कोशिश करते दिखते हैं, लेकिन शलभ मणि त्रिपाठी ने उल्टा रास्ता चुना और गलती मान ली, खुद सजा मांगी और उदाहरण पेश किया. ट्रैफिक नियमों का पालन करना सिर्फ जुर्माने से बचने के लिए नहीं, बल्कि अपनी और दूसरों की सुरक्षा के लिए भी जरूरी है.