महोबा: उत्तर प्रदेश कांग्रेस के अध्यक्ष अजय राय का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से फैल रहा है, जिसमें उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के खिलाफ अश्लील और आपत्तिजनक भाषा का इस्तेमाल किया है. यह घटना महोबा में हुई, जहां अजय राय दुष्कर्म व अपहरण की पीड़िता एक छात्रा से मुलाकात करने गए थे. समर्थकों से बातचीत के दौरान कैमरे में कैद इस बयान ने सियासी बवाल खड़ा कर दिया है.
बीजेपी का पलटवार
बीजेपी आईटी सेल प्रमुख अमित मालवीय ने इस पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि जब अजय राय बीमार थे, तब प्रधानमंत्री मोदी ने खुद उनके जल्द स्वस्थ होने की कामना की थी. लेकिन उसी अजय राय ने अब पीएम के खिलाफ गाली-गलौज की. मालवीय ने इसे कांग्रेस की राजनीति के निम्न स्तर का उदाहरण बताया.
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भी एक्स पर लिखा कि अजय राय का यह अभद्र, असंसदीय और निंदनीय बयान कांग्रेस के कुसंस्कार को उजागर करता है. उन्होंने कहा कि पहले राहुल गांधी भी इसी तरह के व्यवहार का परिचय दे चुके हैं. योगी के अनुसार कांग्रेस अब हताशा, कुंठा और मानसिक दिवालियेपन की आखिरी सीमा पर पहुंच चुकी है.
उत्तर प्रदेश बीजेपी ने भी इस घटना पर निशाना साधते हुए कहा कि यह प्रधानमंत्री का अपमान नहीं बल्कि कांग्रेसियों की कुंठा का प्रदर्शन है. पार्टी ने पुरानी कहावत का हवाला देते हुए इसे "नस्ल की अशिष्ट फसल" करार दिया.
पुलिस पर भी बरसीं गालियां
अजय राय ने इस दौरान महोबा पुलिस और एसपी के खिलाफ भी अपशब्दों का इस्तेमाल किया. उन पर एसपी को धमकी देने और सीओ को गाली देने का भी आरोप लगा है. इससे पहले बुधवार को राहुल गांधी ने प्रधानमंत्री मोदी, गृह मंत्री अमित शाह और आरएसएस पर तीखा हमला बोलते हुए उन्हें "गद्दार" बताया था और आरोप लगाया कि वे रोज संविधान पर हमला कर रहे हैं. यह पूरा मामला उत्तर प्रदेश की सियासी गलियारों में तनाव बढ़ाने वाला साबित हो रहा है.