Gonda Murder: उत्तर प्रदेश के गोंडा जिले से हत्या का एक सनसनीखेज मामला सामने आया है. यहां 25 वर्षीय युवती शीला की निर्मम हत्या उसके प्रेमी अरुण कुमार ने चाकू से गला काटकर कर दी. 29 मार्च को शीला अचानक घर से गायब हो गई. परिवार वाले पूरे इलाके में उसकी तलाश करते रहे, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला. चार दिन बाद, 2 अप्रैल को गांव के नजदीक एक गन्ने के खेत में उसका शव मिला.
शव देखकर पूरे क्षेत्र में हड़कंप मच गया. पुलिस ने तुरंत मामले की गंभीरता को भांपते हुए एसपी विनीत जायसवाल के निर्देश पर विशेष टीम गठित की. तकनीकी जांच और सर्विलांस की मदद से पुलिस को जल्द ही बड़ा खुलासा हो गया. जांच में चौंकाने वाला सच सामने आया कि शीला की हत्या किसी बाहरी शख्स ने नहीं, बल्कि उसके खुद के प्रेमी अरुण कुमार ने की थी. अरुण बिहार के रोहतास जिले का रहने वाला है.
पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया है और उसके कब्जे से हत्या में इस्तेमाल किया गया चाकू भी बरामद कर लिया गया है. शीला और अरुण की मुलाकात साल 2022 में सोशल मीडिया के जरिए हुई थी. दोनों को छोटी-छोटी वीडियो (रील्स) बनाना पसंद था. इसी शौक के चलते दोनों के बीच दोस्ती पनपी और धीरे-धीरे रिश्ता गहराता चला गया. अरुण कई बार बिहार से गोंडा तक आकर शीला से मिलने आता था.
पैसे की मांग और ब्लैकमेलिंग
समय के साथ रिश्ते में दरार पड़ने लगी. अरुण का आरोप है कि शीला उससे बार-बार पैसे की मांग करने लगी थी. जब वह मना करता, तो शीला उसे ब्लैकमेल करने की कोशिश करती. अब तक अरुण शीला को लगभग डेढ़ लाख रुपए दे चुका था. इसी बीच अरुण को शक हो गया कि शीला किसी और लड़के से भी बातचीत कर रही है. लगातार पैसे का दबाव और शक ने अरुण के दिमाग को पूरी तरह बिगाड़ दिया। उसने शीला को मार डालने की ठान ली.
रील का झांसा देकर बुलाया
29 मार्च को अरुण ने शीला को फोन करके कहा कि दोनों मिलकर एक नई रील शूट करेंगे. शीला को रील बनाने का शौक था, इसलिए वह आसानी से मान गई और गन्ने के खेत में चली गई. जैसे ही शीला खेत में पहुंची, अरुण ने उसके दोनों हाथ पीछे बांध दिए और बेरहमी से चाकू से उसका गला काट दिया. हत्या के बाद वह मौके से फरार हो गया. शव बरामद कर पुलिस ने आरोपी की तलाश सुरू कर दी.
पुलिस ने कैसे पकड़ा?
पुलिस की सर्विलांस टीम और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर अरुण की लोकेशन ट्रेस की गई. उसे गिरफ्तार कर पूछताछ की गई, जिसमें उसने पूरा जुर्म कबूल कर लिया. पुलिस ने हत्या का हथियार भी उसके पास से बरामद कर लिया है. अरुण को कोर्ट में पेश किया गया और फिलहाल उसे जेल भेज दिया गया है. पुलिस इस मामले में आगे की जांच कर रही है.