UP Weather News : उत्तर प्रदेश में मौसम ने अचानक करवट लेना शुरू कर दिया है. 17 मई से प्रदेश के कई जिलों में भीषण गर्मी, लू, तेज आंधी और बारिश का मिला-जुला असर देखने को मिल सकता है. मौसम विभाग के अनुसार पश्चिमी और मध्य यूपी में जहां दिन के समय तेज धूप और गर्म हवाएं लोगों को परेशान करेंगी, वहीं पूर्वी उत्तर प्रदेश के कई जिलों में शाम के समय आंधी और बारिश राहत के साथ मुश्किलें भी बढ़ा सकती हैं.
राजधानी लखनऊ समेत नोएडा, आगरा, कानपुर, प्रयागराज और वाराणसी में दोपहर के समय तापमान सामान्य से अधिक रह सकता है. मौसम विभाग ने दोपहर 12 बजे से शाम 4 बजे तक लू जैसी स्थिति बनने की आशंका जताई है. गर्म हवाओं और तेज धूप के कारण बच्चों, बुजुर्गों और बाहर काम करने वाले लोगों को विशेष सतर्क रहने की सलाह दी गई है.
डॉक्टरों ने लगातार पानी पीने, हल्के कपड़े पहनने और धूप में निकलने से बचने की सलाह दी है. दूसरी ओर पूर्वी यूपी के कई जिलों में शाम होते-होते मौसम अचानक बदल सकता है. बादल छाने, गरज-चमक के साथ हल्की से मध्यम बारिश और धूलभरी आंधी चलने की संभावना जताई गई है. मौसम विभाग के मुताबिक कुछ इलाकों में हवा की रफ्तार 60 से 65 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है.
तेज हवाओं के कारण पेड़ गिरने, बिजली आपूर्ति प्रभावित होने और सड़क यातायात में परेशानी जैसी स्थिति बन सकती है. लोगों को खराब मौसम के दौरान खुले मैदानों और पेड़ों के नीचे खड़े न होने की चेतावनी दी गई है.
मथुरा, कुशीनगर, जौनपुर, गाजीपुर, मिर्जापुर, आजमगढ़ और सोनभद्र समेत कई जिलों में बारिश और तूफान का अलर्ट जारी किया गया है.
मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि बंगाल की खाड़ी और अरब सागर में बन रहे मौसम सिस्टम की वजह से प्रदेश के मौसम में यह बड़ा बदलाव देखने को मिल रहा है. हालांकि अभी प्री-मानसून आने में समय है, लेकिन अगले कुछ दिनों तक यूपी में गर्मी और बदले मौसम का असर लगातार बना रह सकता है.