Jantar Mantar Protest : नई दिल्ली के ऐतिहासिक जंतर-मंतर पर चल रहे छात्र आंदोलन को उस समय एक नया और बड़ा मोड़ मिला, जब उत्तराखंड पुलिस के एक सिपाही शेर सिंह ने प्रदर्शनकारी छात्रों के बीच पहुंचकर सभी को हैरान कर दिया. छात्रों के भविष्य और उनकी मांगों के प्रति अपनी एकजुटता दिखाते हुए शेर सिंह ने अपनी नौकरी छोड़ने का फैसला किया और अपना इस्तीफा आंदोलन की अगुवाई कर रहे प्रमुख छात्र प्रतिनिधि अभिजीत दीपके के हाथों में सौंप दिया.
जंतर-मंतर पर मौजूद भीड़ के सामने जब शेर सिंह ने इस्तीफा सौंपा, तो वहां मौजूद छात्र हैरान रह गए.
शेर सिंह ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि वह वर्दी में होने के बावजूद लंबे समय से छात्रों के संघर्ष को देख रहे थे और उनका दिल छात्रों की न्यायसंगत मांगों के साथ था. उन्होंने कहा कि छात्र देश का भविष्य हैं. अगर उनका हक और भविष्य ही सुरक्षित नहीं है, तो ऐसी व्यवस्था में वर्दी पहनकर चुप रहना मेरे लिए संभव नहीं था.
शेर सिंह के इस साहसिक और अप्रत्याशित कदम ने वहां जारी प्रोटेस्ट में नया जोश भर दिया है. सोशल मीडिया पर इस घटना का वीडियो और तस्वीरें तेजी से वायरल हो रही हैं, जहां लोग सिपाही के इस फैसले की सराहना कर रहे हैं. वर्दी के अनुशासन को छोड़ एक जवान का खुलकर आंदोलन के मंच पर आना और इस्तीफा देना यह साफ दर्शाता है कि छात्रों की मांगें किस हद तक लोगों के दिलों को छू रही हैं.