देहरादून : उत्तराखंड में उच्च शिक्षा व्यवस्था को झटका देने वाला पेपर लीक का मामला सामने आया है. उत्तराखंड टेक्निकल यूनिवर्सिटी (UTU) की सेमेस्टर परीक्षाओं के दो प्रश्नपत्र परीक्षा से पहले लीक होने का खुलासा हुआ है. शुरुआती जांच में सामने आया कि यूनिवर्सिटी से संबद्ध कुछ डिग्री कॉलेजों के शिक्षकों पर ही प्रश्नपत्र व्हाट्सएप के जरिए छात्रों तक पहुंचाने के आरोप लगे हैं.
मामले में देहरादून स्थित शिवालिक कॉलेज के असिस्टेंट प्रोफेसर आशीष गुप्ता को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है. उनके खिलाफ संबंधित धाराओं में एफआईआर दर्ज की गई है. जांच एजेंसियां यह पता लगाने में जुटी हैं कि पेपर लीक का नेटवर्क कितना बड़ा है, इसमें और कौन-कौन लोग शामिल हैं तथा कितने छात्रों तक प्रश्नपत्र पहुंचाया गया.
प्रारंभिक जांच के अनुसार, लीक हुए दोनों प्रश्नपत्र सेमेस्टर परीक्षाओं से जुड़े थे. आरोप है कि परीक्षा शुरू होने से पहले ही प्रश्नपत्र व्हाट्सएप ग्रुप और निजी चैट के माध्यम से साझा किए गए. इसके बाद मामले की सूचना मिलने पर यूनिवर्सिटी प्रशासन और पुलिस हरकत में आई. इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों, मोबाइल फोन और डिजिटल चैट की जांच की जा रही है ताकि पूरे नेटवर्क का खुलासा हो सके.
यूनिवर्सिटी प्रशासन ने मामले को गंभीर मानते हुए आंतरिक जांच शुरू कर दी है. साथ ही संबंधित कॉलेजों से भी रिपोर्ट मांगी गई है. जांच के आधार पर परीक्षाओं को लेकर आगे का निर्णय लिया जा सकता है. यदि पेपर लीक की पुष्टि बड़े स्तर पर होती है तो प्रभावित परीक्षाओं को रद्द कर दोबारा आयोजित करने का फैसला भी लिया जा सकता है.
पुलिस का कहना है कि डिजिटल साक्ष्यों के आधार पर पूरे रैकेट की जांच जारी है. यदि जांच में अन्य शिक्षकों, कर्मचारियों या छात्रों की संलिप्तता सामने आती है तो उनके खिलाफ भी सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी. फिलहाल मामले की विस्तृत जांच जारी है और पुलिस सभी पहलुओं की पड़ताल कर रही है.