झारखंड के हजारीबाग में रामनवमी जुलूस में हिंसा, 2 लोगों की गई जान, पांच की हालत गंभीर

Amanat Ansari 29 Mar 2026 06:21: PM 1 Mins
झारखंड के हजारीबाग में रामनवमी जुलूस में हिंसा, 2 लोगों की गई जान, पांच की हालत गंभीर

Violence in Ram Navami Procession: हजारीबाग में रामनवमी जुलूस के दौरान हिंसा भड़क गई. झगड़े और हथियारबाजी में दो युवकों की मौत हो गई, जबकि 400 से ज्यादा लोग घायल हुए हैं. घायलों का इलाज सदर अस्पताल और स्थानीय निजी नर्सिंग होम्स में चल रहा है. इनमें से पांच की हालत गंभीर बताई जा रही है, जिन्हें बेहतर इलाज के लिए बड़े अस्पताल में रेफर कर दिया गया है.

घटना की जानकारी के अनुसार, मंडई कला और नगवा अखाड़े के सदस्यों के बीच जुलूस में आगे बढ़ने को लेकर विवाद हुआ. इस दौरान मारपीट शुरू हो गई, जिसके बाद शोभा यात्रा में शामिल ट्रकों, डीजे सिस्टम और लाइटों की तोड़फोड़ की गई. हंगामा बढ़ने से जगह-जगह अफरा-तफरी मच गई.

झंडा चौक पर एक युवक के सीने में चाकू लगने से उसकी मौत हो गई. मृतक की पहचान अभिषेक वर्मा के रूप में हुई है. एक अन्य व्यक्ति की भी इसी घटना में जान चली गई. हजारीबाग का रामनवमी जुलूस ऐतिहासिक और प्रसिद्ध है, जो करीब 36 घंटे तक चलता है. देश-विदेश से बड़ी संख्या में श्रद्धालु इसे देखने आते हैं. इस बार भी जुलूस जारी है, लेकिन अलग-अलग अखाड़ों के बीच पुराने विवाद फिर उभर आए.

जिला प्रशासन ने शांति बनाए रखने के लिए भारी सुरक्षा व्यवस्था की थी. पांच हजार से अधिक पुलिस और सुरक्षा बलों की तैनाती की गई थी. रामनवमी समिति की बैठक में अखाड़ों को आपसी विवाद न बढ़ाने की अपील भी की गई थी. इसके बावजूद कुछ लोगों की जिद के कारण यह झड़प हो गई. वर्तमान में स्थिति तनावपूर्ण बनी हुई है और जुलूस अभी भी जारी है.

Hazaribagh Hazaribagh Ram Navami 2026 Hazaribagh Ram Navami Julus