गुरुवार रात को हरियाणा विधानसभा चुनावों का प्रचार खत्म हो जाएगा. इसके पहले, बुधवार को पार्टी नेताओं और उम्मीदवारों ने जोरदार तरीके से अपने-अपने प्रचार किए. इस दिन कई प्रमुख नेता, कलाकार और पार्टी के सदस्य राज्य भर में रैलियों और सार्वजनिक मंचों पर एकत्रित हुए, और मतदाताओं से समर्थन मांगा.
इसी कड़ी में बुधवार को पूर्व भारतीय दिग्गज बल्लेबाज वीरेंद्र सहवाग को कांग्रेस उम्मीदवार अनिरुद्ध चौधरी के लिए प्रचार करते देखा गया. सहवाग ने हरियाणा के टोहाना में एक सार्वजनिक सभा में अनिरुद्ध चौधरी के लिए वोट मांगे. अनिरुद्ध चौधरी, जो टोहाना से कांग्रेस के उम्मीदवार हैं, हरियाणा विधानसभा के सदस्य रह चुके हैं और उन्होंने बीसीसीआई के ट्रेजरर के रूप में भी कार्य किया है. उनके पिता, रणवीर सिंह महेन्द्रा, पूर्व मुख्यमंत्री बंसी लाल के बड़े बेटे हैं, और उन्होंने बीसीसीआई के अध्यक्ष के रूप में भी कार्य किया था. सहवाग ने कहा, "मैं अनिरुद्ध चौधरी को अपना बड़े भाई मानता हूं."
आपको बता दें, सहवाग ने पिछले हफ्ते सोशल मीडिया पर एक वीडियो पोस्ट किया था, जिसमें उन्होंने अनिरुद्ध चौधरी का समर्थन किया था. इस वीडियो में अनिरुद्ध चौधरी ने कहा, "अगर आप मेरा समर्थन करेंगे, तो मैं आपके लिए काम करूंगा. हमारे बीच कोई तीसरा पक्ष नहीं होगा." इस वीडियो के साथ सहवाग ने साफ कर दिया था इस चुनाव में वो किसका समर्थन कर रहे हैं.
गौरतलब हो इस बार टोहाना विधानसभा में बंसी लाल के परिवार के सदस्य फिर से चुनावी मैदान में हैं. अनिरुद्ध चौधरी अपनी चचेरी बहन श्रुति चौधरी के खिलाफ चुनाव लड़ रहे हैं. श्रुति चौधरी, जो कि किरण चौधरी की बेटी हैं, पहले भी भिवानी-मेहेंद्रगढ़ लोकसभा सीट से सांसद रह चुकी हैं. इस बार बीजेपी ने श्रुति चौधरी को टोहाना का उम्मीदवार घोषित किया है. हालांकि, टोहाना में बीजेपी का चुनाव जीतना हमेशा से एक चुनौती रहा है. ऐसे में इस बार चुनावी मुकाबला दिलचस्प होने की उम्मीद है.