कोलकाता: पश्चिम बंगाल पुलिस ने राज्य में शांति भंग करने की एक बड़ी साजिश को नाकाम कर दिया है. स्पेशल टास्क फोर्स (STF) की टीम ने सटीक खुफिया जानकारी के आधार पर कुमराखाली, बसंती, संदेशखाली और सरबेरिया बाजार के आसपास के इलाकों में ताबड़तोड़ छापेमारी की. सबसे चौंकाने वाली बात यह रही कि भारी मात्रा में अवैध हथियार और गोला-बारूद तालाब के पानी के अंदर छिपाकर रखे गए थे, जिन्हें पुलिस ने विशेष अभियान चलाकर खोज निकाला.
CM सुवेंदु अधिकारी ने की तारीफ
मुख्यमंत्री सुवेंदु अधिकारी ने इस सफल ऑपरेशन पर STF, DGP और बशीरहाट पुलिस जिले की टीम की खुलकर तारीफ की. उन्होंने X पर पोस्ट कर लिखा, ''पुलिस के आपसी तालमेल और तेज कार्रवाई से यह अभियान सफल हुआ. अब खत्म हुए काले दिन.''
CM ने कहा कि पिछले शासनकाल में सालों तक ऐसे अवैध हथियार जमा किए जाते थे और विपक्षी कार्यकर्ताओं, खासकर भाजपा कार्यकर्ताओं को डराने-धमकाने और मारने के लिए इस्तेमाल किए जाते थे. कई समर्पित कार्यकर्ता इस हिंसा का शिकार बने.
सुवेंदु अधिकारी ने आगे कहा, ''हमारी सरकार कानून-व्यवस्था को पूरी तरह पटरी पर लाने के लिए प्रतिबद्ध है. बंगाल के कोने-कोने से एक-एक अवैध हथियार निकाला जाएगा. अपराध और राजनीतिक आतंकवाद पर लगातार प्रहार जारी रहेगा.''
पुलिस की कार्रवाई जारी
पुलिस ने पूरे इलाके में सघन तलाशी अभियान चलाया है. बरामद हथियारों की संख्या और प्रकार की विस्तृत जानकारी अभी जारी नहीं की गई है, लेकिन सूत्रों के अनुसार इसमें आधुनिक असलहे और काफी मात्रा में बारूद शामिल है.
यह कार्रवाई सुवेंदु अधिकारी सरकार के शांति और सुरक्षा के एजेंडे का हिस्सा मानी जा रही है. राज्य सरकार का साफ संदेश है कि अब बंगाल में कोई भी अपराधी या गुंडा-तत्व बख्शा नहीं जाएगा. पुलिस आगे की जांच में जुटी हुई है. बरामद हथियारों से जुड़े आरोपियों की तलाश चल रही है.