लाल किला धमाके के एक हफ्ते बाद जैश-ए-मोहम्मद के नाम से आई बड़ी बम धमकी, दिल्ली में हाई अलर्ट

Amanat Ansari 18 Nov 2025 04:18: PM 1 Mins
लाल किला धमाके के एक हफ्ते बाद जैश-ए-मोहम्मद के नाम से आई बड़ी बम धमकी, दिल्ली में हाई अलर्ट

नई दिल्ली: राजधानी में एक बार फिर आतंक की छाया गहरा गई है. मंगलवार सुबह अचानक तीन बड़ी अदालतों साकेत, रोहिणी और पटियाला हाउस कोर्ट तथा दिल्ली के दो CRPF पब्लिक स्कूलों को बम से उड़ाने की धमकी भरा ईमेल आया. ईमेल आतंकी संगठन जैश-ए-मोहम्मद के नाम से भेजा गया है. सूचना मिलते ही दिल्ली पुलिस, NSG, बम डिस्पोजल स्क्वॉड और डॉग स्क्वॉड की टीमें तुरंत हरकत में आईं.

साकेत कोर्ट को पूरी तरह खाली कराया गया, सभी जज, वकील और कर्मचारी बाहर निकाले गए. कम से कम तीन घंटे तक कोर्ट की सभी कार्यवाहियां रद्द रहीं. रोहिणी और पटियाला हाउस कोर्ट में भी कोना-कोना खंगाला जा रहा है. दोनों CRPF स्कूलों को फौरन बंद कर बच्चों को सुरक्षित घर भेज दिया गया.

सबसे हैरान करने वाली बात यह है कि आज ही लाल किला कार बम कांड के दूसरे मुख्य आरोपी की पटियाला हाउस कोर्ट में पेशी होनी थी. ठीक उसी वक्त यह धमकी आई, जिससे खुफिया एजेंसियों को शक हो रहा है कि यह महज इत्तेफाक नहीं, बल्कि बड़ी साजिश का हिस्सा हो सकता है. गौरतलब है कि लाल किला ब्लास्ट में 13 लोग मारे गए थे और 20 से ज्यादा घायल हुए थे. उस केस की जांच NIA कर रही है और अल फलाह यूनिवर्सिटी भी जांच के घेरे में है.

फिलहाल धमकी वाले ईमेल की साइबर फॉरेंसिक जांच शुरू हो चुकी है. दिल्ली के सभी संवेदनशील इलाकों, मेट्रो, बाजारों और सरकारी भवनों पर सुरक्षा चौबीस घंटे के लिए कई गुना बढ़ा दी गई है. पिछले तीन दिनों में यह दूसरा बड़ा आतंकी अलर्ट है. राजधानी की सुरक्षा व्यवस्था पर फिर से सवाल खड़े हो गए हैं. पुलिस और खुफिया एजेंसियां अब यह पता लगाने में जुटी हैं कि यह धमकी महज होक्स है या कोई बड़ा हमला होने वाला था.

Bomb threat Bomb Blast Delhi security alert Delhi terror threat

Recent News