कोलकाता : पश्चिम बंगाल में विधानसभा चुनाव नतीजों के बाद हिंसा थमने का नाम नहीं ले रही है. राज्य के अलग-अलग जिलों से हत्या, आगजनी, फायरिंग और तोड़फोड़ की घटनाएं सामने आई हैं. ताजा जानकारी के मुताबिक, अब तक चुनाव बाद हिंसा में कम से कम चार लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि कई लोग घायल हुए हैं. न्यू टाउन इलाके में बीजेपी कार्यकर्ता मधु मंडल की कथित तौर पर पिटाई के बाद मौत हो गई. बीजेपी ने आरोप लगाया है कि विजय जुलूस के दौरान टीएमसी समर्थकों ने हमला किया.
दूसरी ओर बीरभूम के नानूर में टीएमसी कार्यकर्ता अबीर शेख की धारदार हथियार से हत्या कर दी गई, जिसका आरोप बीजेपी समर्थकों पर लगाया गया है. इसके अलावा, हावड़ा के उदयनारायणपुर में बीजेपी कार्यकर्ता जादव बार की मौत की खबर सामने आई, जबकि कोलकाता के बेलेघाटा क्षेत्र में एक टीएमसी पोलिंग एजेंट की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हुई है. इन घटनाओं ने राजनीतिक माहौल को और ज्यादा तनावपूर्ण बना दिया है. उत्तर 24 परगना के संदेशखाली में केंद्रीय सुरक्षा बलों और स्थानीय पुलिस पर हमला हुआ, जहां गश्त के दौरान फायरिंग और बमबाजी की गई. इस घटना में 5 सुरक्षाकर्मी घायल हुए हैं.
इसके बाद इलाके में अतिरिक्त सीआरपीएफ और पुलिस बल तैनात किया गया. कोलकाता, आमतला, जगतबल्लभपुर, कास्बा, टॉलीगंज और बारानगर समेत कई इलाकों में टीएमसी कार्यालयों में तोड़फोड़, आगजनी और हमले की घटनाएं भी दर्ज हुई हैं. स्थिति को देखते हुए चुनाव आयोग ने पश्चिम बंगाल प्रशासन, डीजीपी और केंद्रीय बलों को जीरो टॉलरेंस नीति अपनाने और हिंसा में शामिल लोगों की तत्काल गिरफ्तारी के निर्देश दिए हैं. पश्चिम बंगाल में चुनाव बाद हिंसा एक बार फिर राष्ट्रीय राजनीति का बड़ा मुद्दा बन गई है.