नई दिल्ली: दिल्ली विधानसभा चुनाव में हार मिलने के बाद अरविंद केजरीवाल ने मीडिया के सामने आकर अपनी बात रखी. अरविंद केजरीवाल ने जीत के लिए भाजपा को बधाई दी है और पिछले 10 वर्षों के कार्यों का जिक्र करते हुए जनता की सेवा की बात कही. साथ ही उन्होंने आम आदमी पार्टी के कार्यकर्ताओं को बधाई दी.
इसी बीच अन्ना हजारे भी मैदान में कूद पड़े हैं. समाजसेवी अन्ना हजारे ने कहा कि मैं लंबे समय से कह रहा हूं कि चुनाव लड़ते समय प्रत्याशी का चरित्र ठीक रहना चाहिए. उसके विचार भी अच्छे होने चाहिए और उसकी छवि पर भी कोई दाग नहीं रहना चाहिए. लेकिन आम आदमी पार्टी समझ नहीं पाई. अन्ना हजारे ने शराब नीति को लेकर भी अरविंद केजरीवाल को घेरा. उन्होंने कहा कि लोगों ने देखा कि वे यानि अरविंद केजरीवाल चरित्र की बात करते हैं, लेकिन शराब नीति को आगे बढ़ाते हैं.
वहीं कुमार विश्वास ने भी अरविंद केजरीवाल की हार पर निशाना साधा है. उन्होंने कहा कि करोड़ों लोग नौकरियां छोड़कर आए थे, दुश्मनियां ली थीं. उन सब की हत्या एक आत्ममुग्ध आदमी ने, चरित्रहीन आदमी ने अपनी निजी महत्वकांक्षाओं के लिए कर दी. विश्वास ने आगे कहा कि उसको (अरविंद केजरीवाल को) विधान से दंड मिला है और खुशी इस बात की है कि न्याय मिला है.