जेल से निकलने के बाद सांसद इंजीनियर राशिद ने क्या कहा, जिनपर लगा है भारत विरोधी होने का आरोप

Global Bharat 11 Sep 2024 07:43: PM 1 Mins
जेल से निकलने के बाद सांसद इंजीनियर राशिद ने क्या कहा, जिनपर लगा है भारत विरोधी होने का आरोप

दिल्ली की विशेष NIA अदालत द्वारा आतंकी फंडिंग मामले में अंतरिम जमानत दिए जाने के एक दिन बाद लोकसभा सांसद इंजीनियर राशिद आज तिहाड़ जेल से बाहर आ गए. दिल्ली की विशेष NIA अदालत ने राशिद को आगामी जम्मू-कश्मीर विधानसभा चुनावों के लिए प्रचार करने की अनुमति देने के लिए मंगलवार को जमानत दी थी. सांसद राशिद को 3 अक्टूबर को आत्मसमर्पण करना है.

इसी बीच जेल से बाहर आने के बाद इंजीनियर राशिद ने मीडिया से बातचीत की. उन्होंने कहा कि मैं अपने लोगों को निराश नहीं करूंगा. अनुच्छेद 370 को निरस्त करने का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि बीजेपी ने 5 अगस्त, 2019 को जो कुछ भी किया, उसे लोगों ने खारिज कर दिया है. इंजीनियर राशिद ने कहा कि मैं अपने लोगों के कल्याण के लिए काम करने के लिए प्रतिबद्ध हूं और हम डरने वाले नहीं हैं.

इंंजीनियर राशिद ने कहा कि मेरी लड़ाई उमर अब्दुल्ला ने जो कहा, उससे कहीं बड़ी है. उनकी लड़ाई कुर्सी के लिए है, मेरी लड़ाई लोगों के लिए है. गौरतलब हो कि 10 सितंबर को उमर अब्दुल्ला ने कहा था कि आतंकी फंडिंग मामले में सांसद राशिद इंजीनियर को दी गई जमानत वोट हासिल करने के लिए एक राजनीतिक चाल थी, न कि उन मतदाताओं की सेवा करने के लिए जिन्होंने उन्हें संसद के लिए चुना था.

उमर अब्दुल्ला ने कहा कि मुझे पता था कि यह कभी न कभी होगा. मुझे बारामुल्ला के लोगों के लिए दुख है क्योंकि उन्हें बारामुल्ला के लोगों के कल्याण या संसद में भाग लेने के लिए जमानत नहीं दी गई है. उन्हें सिर्फ चुनाव लड़ने और वोट पाने के लिए जमानत दी गई है, जिसके बाद उन्हें वापस तिहाड़ जेल भेज दिया जाएगा. उत्तरी कश्मीर के लोगों का फिर से कोई प्रतिनिधित्व नहीं होगा.

बीजेपी पर निशाना साधते हुए राशिद ने आरोप लगाया कि मैं बीजेपी का शिकार हूं, मैं अपनी आखिरी सांस तक पीएम मोदी की विचारधारा के खिलाफ लड़ूंगा...मैं कश्मीर अपने लोगों को एकजुट करने आ रहा हूं, उन्हें बांटने नहीं. बता दें कि जम्मू-कश्मीर में सभी 90 सीटों पर तीन चरणों में 18 सितंबर, 25 सितंबर और 1 अक्टूबर विधानसभा चुनाव होने हैं. वोटों की गिनती 8 अक्टूबर को होगी.

Recent News