नई दिल्ली: कांग्रेस के प्रमुख नेता और लेकसभा नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी और कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने मंगलवार को उत्तर प्रदेश के रायबरेली जिले में एक दलित व्यक्ति की बेरहमी से की गई हत्या की तीखी आलोचना की. उन्होंने इस घटना को देश के संवैधानिक मूल्यों और सामाजिक न्याय की नींव को झकझोरने वाला अपराध करार दिया.
रायबरेली में दलित युवक हरिओम वाल्मीकि की निर्मम हत्या सिर्फ़ एक इंसान की नहीं - इंसानियत, संविधान और न्याय की हत्या है।
— Rahul Gandhi (@RahulGandhi) October 7, 2025
आज भारत में दलित, आदिवासी, मुसलमान, पिछड़े और ग़रीब - हर उस व्यक्ति को निशाना बनाया जा रहा है, जिसकी आवाज़ कमजोर है, जिसकी हिस्सेदारी छीनी जा रही है, और जिसकी… pic.twitter.com/V0KtN4CHAQ
दोनों नेताओं ने एक साझा वक्तव्य जारी कर कहा, "हमारा संविधान हर इंसान को बराबरी का हक देता है. कानून सबकी रक्षा, अधिकारों और बोलने की आजादी को एक समान महत्व देता है. रायबरेली की यह घटना संविधान का अपमान है और दलित समाज पर सीधी चोट. यह हमारे समाज व राष्ट्र के लिए एक काला धब्बा है." नेताओं ने दलितों, अल्पसंख्यकों और गरीब वर्गों के खिलाफ बढ़ते हमलों पर गहरी चिंता व्यक्त की.
उन्होंने जोर दिया कि ऐसे कृत्य समाज के सबसे कमजोर और हाशिए पर धकेल दिए गए लोगों को सबसे ज्यादा नुकसान पहुंचाते हैं, जो सत्ता और प्रतिनिधित्व से वंचित हैं. राहुल गांधी और मल्लिकार्जुन खड़गे ने हालिया घटनाओं का हवाला देते हुए कहा, "चाहे हाथरस व उन्नाव में महिलाओं पर अत्याचार हो, रायबरेली में हरिओम की बेरहमी से हत्या हो, या रोहित वेमुला का संस्थागत कत्ल, मध्य प्रदेश में आदिवासी युवक का अपमान, ओडिशा व मध्य प्रदेश में दलितों पर क्रूरता, या हरियाणा में पहलू खान व यूपी में अखलाक की हत्याएं - ये सब घटनाएं समाज, प्रशासन और सत्ताधारियों की बढ़ती उदासीनता को उजागर करती हैं."
कांग्रेस नेताओं ने केंद्र की भाजपा-नीत एनडीए सरकार को भी कटघरे में खड़ा किया. उन्होंने कहा कि 2014 से अब तक भीड़ हिंसा, बुलडोजर कार्रवाई और गुंडागर्दी जैसी प्रवृत्तियां देश की भयावह तस्वीर बन चुकी हैं. उन्होंने साफ शब्दों में कहा, "हिंसा कभी सभ्य समाज की निशानी नहीं हो सकती. हरिओम के साथ हुई यह घटना हमारी साझा नैतिकता पर गहरा सवाल उठाती है." घटना में 38 वर्षीय दलित व्यक्ति को ग्रामीणों ने 'ड्रोन चोर' के शक में जमकर पीट दिया, जिससे उसकी मौत हो गई. इलाके में अफवाहें जोरों पर हैं कि चोर अब घरों में ड्रोन से चोरी कर रहे हैं.