नई दिल्ली: एयर मार्शल नागेश कपूर ने गुरुवार को भारतीय वायु सेना के वायु सेना स्टाफ उपप्रमुख (वाइस चीफ ऑफ द एयर स्टाफ) का पदभार ग्रहण किया. उन्होंने एयर मार्शल नर्मदेश्वर तिवारी का स्थान लिया, जो बुधवार को राष्ट्र की चार दशकों की गौरवशाली सेवा के बाद सेवानिवृत्त हो गए.
इस नियुक्ति से पहले एयर मार्शल कपूर दक्षिण-पश्चिमी वायु कमान (SWAC) के एयर ऑफिसर कमांडिंग-इन-चीफ के रूप में कार्यरत थे. उन्होंने वायु भवन में वाइस चीफ ऑफ द एयर स्टाफ का कार्यभार संभाला. एयर मार्शल कपूर को गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया. इसके बाद उन्होंने राष्ट्रीय युद्ध स्मारक पर पुष्पांजलि अर्पित की और वीर सैनिकों को श्रद्धांजलि दी. एयर मार्शल राष्ट्रीय रक्षा अकादमी के स्नातक हैं.
उन्होंने दिसंबर 1985 में एनडीए पास किया और 6 दिसंबर 1986 को फाइटर स्ट्रीम की फ्लाइंग ब्रांच में वायु सेना में कमीशन प्राप्त किया. एक कुशल फाइटर पायलट, योग्य फ्लाइंग इंस्ट्रक्टर और फाइटर कॉम्बैट लीडर एयर मार्शल कपूर ने मिग-21 और मिग-29 विमानों के सभी वेरिएंट उड़ाए हैं. अपनी शानदार उड़ान करियर में उन्होंने विभिन्न कॉम्बैट और ट्रेनर विमानों पर 3,400 घंटे से अधिक का ऑपरेशनल एवं प्रशिक्षण उड़ान अनुभव प्राप्त किया है.
डिफेंस सर्विसेज स्टाफ कॉलेज और नेशनल डिफेंस कॉलेज के पूर्व छात्र एयर मार्शल ने 39 वर्षों से अधिक की अनुकरणीय सेवा प्रदान की है. उन्होंने कमांड, ऑपरेशनल, प्रशिक्षण और स्टाफ नियुक्तियों की व्यापक श्रृंखला संभाली है. उनके ऑपरेशनल कार्यकाल में मध्य सेक्टर में एक फाइटर स्क्वाड्रन के कमांडिंग ऑफिसर, पश्चिमी सेक्टर में एक अग्रिम फ्लाइंग बेस के स्टेशन कमांडर और एक प्रमुख एयर बेस के एयर ऑफिसर कमांडिंग की भूमिका शामिल है.
उनके प्रशिक्षण कार्यों में वायु सेना अकादमी में चीफ इंस्ट्रक्टर (फ्लाइंग) और वेलिंगटन स्थित डिफेंस सर्विसेज स्टाफ कॉलेज में डायरेक्टिंग स्टाफ रहना शामिल है. वायु सेना अकादमी में अपने कार्यकाल के दौरान उन्होंने पीसी-7 एमके II विमान को वायु सेना में शामिल करने और ऑपरेशनल बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई. एयर मार्शल ने पाकिस्तान में डिफेंस अटैची के रूप में राजनयिक नियुक्ति भी संभाली है.
उनके प्रमुख स्टाफ नियुक्तियों में वायु मुख्यालय में सहायक वायु सेना प्रमुख (ऑपरेशंस – स्ट्रैटजी), दक्षिण-पश्चिमी वायु कमान में एयर डिफेंस कमांडर, मुख्यालय मध्य वायु कमान में सीनियर एयर स्टाफ ऑफिसर और वायु मुख्यालय में एयर ऑफिसर-इन-चार्ज पर्सनल शामिल हैं. वाइस चीफ ऑफ द एयर स्टाफ का पदभार संभालने से पहले एयर मार्शल कपूर ने प्रशिक्षण कमान के एयर ऑफिसर कमांडिंग-इन-चीफ और उसके बाद दक्षिण-पश्चिमी वायु कमान के एयर ऑफिसर कमांडिंग-इन-चीफ के रूप में सेवा दी.
राष्ट्र को उनकी असाधारण एवं विशिष्ट सेवा के सम्मान में उन्हें वायु सेना मेडल (2008), अति विशिष्ट सेवा मेडल (2022) तथा राष्ट्रपति पुरस्कार परम विशिष्ट सेवा मेडल और सर्वोत्तम युद्ध सेवा मेडल (2025) से सम्मानित किया गया है.