कौन हैं आलोक राज जिन्हें बनाया गया बिहार पुलिस का नया महानिदेशक

Global Bharat 30 Aug 2024 08:45: PM 1 Mins
कौन हैं आलोक राज जिन्हें बनाया गया बिहार पुलिस का नया महानिदेशक

1989 बैच के आईपीएस अधिकारी आलोक राज को बिहार पुलिस का नया महानिदेशक बनाया गया है. गृह विभाग ने राज की नियुक्ति को लेकर अधिसूचना जारी कर दी है. बिहार कैडर के आईपीएस अधिकारी राज फिलहाल बिहार पुलिस में निगरानी जांच ब्यूरो के महानिदेशक के प्रभार में हैं. वे बिहार कैडर के वरिष्ठ आईपीएस अधिकारी थे.

जानकारी मिली है कि आलोक राज का जन्‍म 15 दिसंबर 1965 को हुआ था. बता दें कि बिहार के DGP रहे आईपीएस आरएस भट्ठी के सीआईएसएफ DG बनने के बाद यह पद खाली हो गया था. इस दौर में कई अफसरों के नाम चल रहे थे, लेकिन बिहार में इस समय सबसे वरिष्ठ अधिकारी आलोक राज ही थे, इसी वजह से उन्हें DGP नियुक्‍त किया गया.

वरिष्‍ठ आईपीएस अधिकारी आलोक राज उस समय चर्चा में आए थे, जब उन्होंने भगवान शिव पर एक गाना गाया था. गाना काफी वायरल भी हुआ था. राज ने ‘ये भोला सबसे बड़ा है…’ गीत गाया जिसे सोशल मीडिया पर काफी सराहा गया और शेयर किया गया था. जिसके बाद एक इंटरव्‍यू में उन्होंने बताया था कि उन्‍हें स्‍कूल कॉलेज के समय फिल्मी गानों का बहुत शौक था, लेकिन जब वह 20 अगस्‍त 1989 को आईपीएस बने तो यह सबकुछ छूट सा गया.

इंटरव्यू में आलोक राज ने बताया था कि वह करीब 22 साल पुलिसिया दुनिया में ऐसे खो गए कि उनका यह शौक बहुत पीछे छूट गया,  2011 में हिंदुस्तानी शास्त्रीय संगीत सीखने का मौका मिला और गुरु अशोक कुमार के सानिध्‍य में उन्‍होंने संगीत साधना शुरू की. प्रोपर रूप से गाने के लिए उन्‍हों 6 साल तक रियाज किया.

2017 में आलोक राज पहला अलबम साईं रचना लेकर आए थे. साथ ही उन्होंने दुष्‍यंत कुमार की गजलों का एक अलबम गाया था और बाद में कबीर भजन का एक अलबम भी रिलीज हुआ था, जिसे काफी पसंद किया गया था. उन्होंने कहा था कि पुलिस सेवा में काफी तनाव रहता है, जिसे कला से ही दूसर किया जा सकता है.

Recent News