प्रवेश वर्मा ने यमुना में डुबोया केजरीवाल का कटआउट? कान पकड़कर माफी भी मंगवाया

Global Bharat 25 Jan 2025 02:18: PM 1 Mins
प्रवेश वर्मा ने यमुना में डुबोया केजरीवाल का कटआउट?  कान पकड़कर माफी भी मंगवाया

नई दिल्ली:  दिल्ली विधानसभा सीट से पूर्व मुख्यमंत्री एवं आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल के खिलाफ भारतीय जनता पार्टी के प्रवेश वर्मा चुनावी मैदान में हैं. शनिवार को उन्होंने अरविंद केजरीवाल के कटआउट को यमुना नदी में डुबकी लगवाकर 'आप' को घेरा. कटआउट पर लिखा था- मैं फेल हो गया, मुझे माफ करना. इसमें केजरीवाल कान पकड़े नजर आ रहे हैं.

अरविंद केजरीवाल के कटआउट को यमुना नदी में डुबकी लगवाने के बाद भाजपा प्रत्याशी प्रवेश वर्मा ने पत्रकारों से बात करते हुए आप पर दिल्ली को प्रदूषित करने का आरोप लगाया. उन्होंने कहा कि हमने देखा है कि पूरी दुनिया में जहां पर नदियां होती हैं, वहां पर लोग बसते हैं. वहीं, दिल्ली में करीब 28 किलोमीटर यमुना नदी बहती है, जिसका हम बहुत फायदा उठा सकते हैं. यहां का पानी साफ करके पूरे दिल्ली एनसीआर को सप्लाई कर सकते हैं.

यमुना नदी को साफ करना कोई रॉकेट साइंस नहीं है. उन्होंने आगे कहा कि जैसे पीएम मोदी ने साबरमती रिवर फ्रंट को बनाया, वैसे ही हम यमुना रिवर फ्रंट बना सकते हैं. 11 साल का समय बहुत लंबा होता है. केजरीवाल ने बार-बार कहा कि अगर मैं यमुना को साफ नहीं कर पाया तो वोट नहीं देना. उन्होंने इस पर करीब 8,000 रुपए खर्च किए, वो पैसे कहां गए, किसी को पता नहीं चला. इसकी जांच होगी. दिल्ली की जनता से मेरी अपील है कि उनको पांच फरवरी को मौका मिला है, वो एक बार भाजपा को मौका दें.

हमारी प्राथमिकता है कि दिल्ली में हम यमुना नदी को साफ करेंगे. भाजपा प्रत्याशी ने लोगों से अपील की कि जैसे केंद्र में मोदी की सरकार बनाई है. उसी तरह दिल्ली में भी भाजपा की सरकार बनाइए, जिससे केंद्र और राज्य में कोई झगड़ा न हो. केजरीवाल चुनाव के समय बड़ी-बड़ी घोषणाएं करते हैं, लेकिन बाद में उसे भूल जाते हैं. केजरीवाल कहते थे कि 2025 से पहले वो यमुना में डुबकी लगाएंगे, अगर नहीं लगाएंगे तो कोई उनको वोट नहीं दे. ऐसे में मेरी अपील है कि दिल्ली की जनता उनको वोट न दे. 

Pravesh Verma Arvind Kejriwal Aam Aadmi Party Delhi Pollution Kejriwal Cutout global bharat tv hindi news trending news

Description of the author

Recent News