नई दिल्ली: आज संसद परिसर में एक महत्वपूर्ण मुलाकात हुई, जिसमें लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी और कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा ने केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी से बातचीत की. यह मुलाकात अचानक हुई और मुख्य रूप से राजस्थान के बस व ट्रक बॉडी बनाने वाले उद्योगपतियों की समस्याओं पर केंद्रित रही.
सुबह राजस्थान से आए एक प्रतिनिधिमंडल ने सबसे पहले राहुल गांधी से मुलाकात की. उन्होंने अपने कारोबार से जुड़ी नीतिगत बाधाओं, नए नियमों से उत्पन्न चुनौतियों और उद्योग पर पड़ रहे नकारात्मक प्रभावों के बारे में विस्तार से बताया. इन मुद्दों को सुनने के बाद राहुल और प्रियंका ने प्रतिनिधिमंडल को साथ लेकर सीधे नितिन गडकरी के पास पहुंचे, ताकि समस्या का समाधान निकाला जा सके.
बैठक में कुछ मिनटों तक चली चर्चा मुख्यतः बस-ट्रक बॉडी निर्माण उद्योग से संबंधित नियमों, संभावित संशोधनों और इन बदलावों के कारोबार पर असर पर हुई. दोनों पक्षों ने मुद्दों को गंभीरता से लिया और समाधान की दिशा में विचार-विमर्श किया.
इसके अलावा, आज राज्यसभा में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अप्रैल से जुलाई के बीच सेवानिवृत्त होने वाले 59 सदस्यों को भावभीनी विदाई दी. उन्होंने संसद को एक खुला विश्वविद्यालय बताया और कहा कि राजनीति में कभी 'फुल स्टॉप' नहीं लगता. पीएम ने सभी से पार्टीगत मतभेद भुलाकर राष्ट्रीय योगदान जारी रखने की अपील की. उन्होंने विशेष रूप से पूर्व पीएम एच.डी. देवेगौड़ा, मल्लिकार्जुन खरगे और शरद पवार की प्रशंसा की, जिन्होंने जीवन का बड़ा हिस्सा संसदीय कार्य में बिताया.