डॉक्टर पति और बेटे की हत्या! पुलिस पहुंची तो शवों के पास फोन स्क्रॉल करती मिली पत्नी!

Amanat Ansari 16 Jul 2026 02:06: PM 1 Mins
डॉक्टर पति और बेटे की हत्या! पुलिस पहुंची तो शवों के पास फोन स्क्रॉल करती मिली पत्नी!

धारवाड़ (कर्नाटक): कर्नाटक के धारवाड़ जिले में एक चौंकाने वाला हत्याकांड सामने आया है. 45 वर्षीय डॉक्टर किरण होनन्नावर की अपनी ही पत्नी, जो खुद डॉक्टर हैं, पर हत्या का आरोप लगा है. पुलिस के अनुसार, प्रियंका ने न केवल पति की हत्या की बल्कि अपने 8 वर्षीय बेटे को भी चाकू मार दिया. इस घटना ने पूरे इलाके में सनसनी फैला दी है. बच्चे की हालत पर चिकित्सकों की नजर बनी हुई है.

बुधवार को पड़ोसियों की सूचना पर पुलिस जब फ्लैट पहुंची तो वहां खून से सना भयानक मंजर देखा. डॉक्टर किरण का शव एक कमरे में खून के तालाब में पड़ा था, वहीं उनका छोटा बेटा गंभीर रूप से घायल हालत में था. सबसे हैरान करने वाली बात यह थी कि आरोपित पत्नी प्रियंका बेड पर आराम से लेटी हुई फोन स्क्रॉल कर रही थी.

पुलिस कमिश्नर एन. शशिकुमार ने बताया कि बच्चे को तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उसका इलाज चल रहा है. डॉक्टर किरण चिरायु अस्पताल में एनेस्थेटिस्ट थे, जबकि उनकी पत्नी प्रियंका नेत्र रोग विशेषज्ञ हैं. परिवार छठी मंजिल के एक फ्लैट में रहता था.

रिश्तेदारों ने बताया कि मंगलवार रात और बुधवार सुबह जब उन्होंने फोन किया तो प्रियंका ने पहले कहा कि किरण आराम कर रहे हैं और बाद में बताया कि वे ड्यूटी पर गए हैं. शाम को जब परिवार वाले फ्लैट पहुंचे तो यह दर्दनाक घटना सामने आई.

पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर लिया है और पूरे मामले की गहन जांच शुरू कर दी है. फिलहाल यह पता लगाया जा रहा है कि घटना कब हुई और इसके पीछे क्या वजह हो सकती है. प्रारंभिक जांच में घर में किसी बाहरी व्यक्ति के घुसने का कोई सुराग नहीं मिला है.

Dr Kiran Honannavar Dharwad doctor murder Karnataka doctor murder

Recent News