नई दिल्ली: दक्षिण दिल्ली से एक चौंकाने वाला घरेलू हिंसा का मामला सामने आया है. यहां एक महिला ने कथित तौर पर अपने सोते हुए पति पर उबलता तेल डाल दिया. हमला होने के दौरान कपल की आठ साल की बेटी भी मौके पर मौजूद थी. महिला ने पति को धमकी दी कि "अगर शोर मचाया तो और तेल डाल दूंगी." इस घटना का कारण अभी अज्ञात है. महिला के खिलाफ बीएनएस (भारतीय न्याय संहिता) की धारा 118 (खतरनाक हथियार या साधन से चोट पहुंचाना), 124 (एसिड से गंभीर चोट पहुंचाना) और 326 (आग, विस्फोटक पदार्थ आदि से नुकसान पहुंचाना) के तहत केस दर्ज किया गया है.
हालांकि, अभी तक कोई गिरफ्तारी नहीं हुई है. पीड़ित 28 साल के दिनेश, जो एक फार्मास्यूटिकल कंपनी में काम करते हैं, ने अपनी शिकायत में कहा, "मेरी पत्नी और बेटी पास में सो रही थीं. रात करीब 3:15 बजे अचानक मुझे पूरे शरीर में तेज जलन महसूस हुई. मैंने देखा तो मेरी पत्नी खड़ी थी और मेरे धड़ व चेहरे पर उबलता तेल डाल रही थी. उठने या मदद मांगने से पहले ही उसने मेरे जख्मों पर लाल मिर्च का पाउडर छिड़क दिया." जब दिनेश ने विरोध किया, तो महिला ने चेतावनी दी: "अगर शोर मचाया तो और गर्म तेल डाल दूंगी." शोर सुनकर पड़ोसी जाग गए और दौड़े आए.
दिनेश को अस्पताल ले जाया गया. पड़ोसी अंजलि ने बताया, "मेरे पिता ऊपर जब देखने के लिए गए, तो दरवाजा बंद था. उसकी पत्नी ने अंदर से ताला लगा रखा था. हमने दरवाजा खोलने को कहा. जब दरवाजा खुला तो हमने उसे दर्द से तड़पते देखा और उसकी पत्नी घर के अंदर छिपी हुई थी." लेकिन जब वह उसके साथ बाहर आई, तो उल्टी दिशा में चली गई. हमें शक हुआ. मेरे पिता ने उसे रोका, ऑटो बुलाया और दिनेश को अकेले अस्पताल ले गए."
पुलिस ने बताया कि मेडिकल रिपोर्ट में चोटों को "खतरनाक" बताया गया है. दिनेश ने कहा कि दोनों की शादी को आठ साल हो चुके हैं और उनका रिश्ता पहले से ही खराब चल रहा था. दो साल पहले पत्नी ने महिलाओं के खिलाफ अपराध (सीएडब्ल्यू) सेल में शिकायत की थी, जो बाद में समझौते से सुलझ गई.