नई दिल्ली: उत्तर प्रदेश के मेरठ में तैनात एक महिला कांस्टेबल ने अपने पति (जो खुद भी उत्तर प्रदेश पुलिस में कांस्टेबल है) और ससुराल के आधा दर्जन लोगों के खिलाफ दहेज प्रताड़ना और यौन उत्पीड़न का प्रयास करने का गंभीर आरोप लगाते हुए मुकदमा दर्ज कराया है. बिसरख पुलिस स्टेशन में एफआईआर दर्ज की गई है और मामले की जांच शुरू कर दी गई है.
महिला कांस्टेबल के अनुसार, उनकी शादी 26 जनवरी 2023 को प्रियांक शर्मा से हुई थी. दोनों पति-पत्नी उत्तर प्रदेश पुलिस में कांस्टेबल के पद पर तैनात हैं. शादी के समय महिला के पिता ने भरपूर दहेज दिया था, जिसमें एक चार पहिया गाड़ी भी शामिल थी. फिर भी पति प्रियांक शर्मा, सास कुंती देवी, ससुर राजेश्वर प्रसाद, देवर अनुज शर्मा, ननद श्वेता, देवर मुकेश शर्मा और एक अन्य ननद संतोष दहेज से संतुष्ट नहीं थे और बार-बार स्कॉर्पियो गाड़ी की मांग करते रहे.
महिला ने शिकायत में बताया कि उनके भाई और पिता ने ससुराल वालों को समझाने की बहुत कोशिश की, लेकिन कुछ दिन बाद फिर वही व्यवहार शुरू हो गया और मारपीट होने लगी. 5 सितंबर 2024 को महिला ने अपने पति प्रियांक शर्मा को अपनी ननद (पति की बहन) के साथ आपत्तिजनक स्थिति में देख लिया. जब उन्होंने इसका विरोध किया तो देवर मुकेश शर्मा ने उनके साथ छेड़छाड़ शुरू कर दी, अश्लील इशारे किए और बलात्कार करने की कोशिश की.
पीड़िता की तहरीर पर पति प्रियांक शर्मा, सास कुंती देवी. ससुर राजेश्वर प्रसाद, देवर अनुज शर्मा, ननद श्वेता, देवर मुकेश शर्मा और ननद संतोष के खिलाफ प्रथामिकी दर्ज कर पूरे मामले की जांच शुरू कर दी गई है.
बिसरख थाना पुलिस ने सभी आरोपियों के खिलाफ भारतीय दंड संहिता की संबंधित धाराओं (दहेज प्रताड़ना, मारपीट, यौन उत्पीड़न और बलात्कार के प्रयास आदि) में मुकदमा दर्ज कर लिया है. पुलिस अधिकारियों ने बताया कि सभी आरोपों की गहन जांच की जा रही है और जल्द ही उचित कार्रवाई की जाएगी.