महिला को लिफ्ट देकर दिन-दहाड़े जंगल में ले गया शातिर और कर दिया बड़ा कांड!

Amanat Ansari 25 Nov 2025 09:56: PM 1 Mins
महिला को लिफ्ट देकर दिन-दहाड़े जंगल में ले गया शातिर और कर दिया बड़ा कांड!

अंबिकापुर: बस का इंतजार कर रही एक विवाहिता को लिफ्ट का लालच देकर स्कूटी पर बैठाने वाला युवक उसे सुनसान जंगल में ले गया और वहां धमकाकर सोने की ज्वेलरी व नकदी लूटकर फरार हो गया. मामला कोरिया जिले के पटना क्षेत्र की रहने वाली महिला का है, जो शादी से लौटते वक्त इस वारदात की शिकार बनी. पीड़िता ने पुलिस को कई अहम सुराग दिए हैं, जिसके आधार पर सीसीटीवी फुटेज भी खंगाले जा रहे हैं.

जानकारी के अनुसार, कोरिया जिले के पटना थाना क्षेत्र निवासी शीला सोनी (बदला हुआ नाम) अपनी बहन की शादी में शामिल होकर अंबिकापुर आई थीं. वापसी में वह गांधी चौक बस स्टैंड पर पटना जाने वाली बस का इंतजार कर रही थीं. तभी एक स्कूटी सवार युवक उनके पास आया और बातों ही बातों में खुद को पास के छिंदिया गांव का रहने वाला बताया. उसने कहा कि बस काफी देर से नहीं आ रही, वह उन्हें रास्ते में छोड़ देगा.

महिला उसकी बातों में आ गई और स्कूटी पर उसके पीछे बैठ गई. युवक ने पहले तो सामान्य रास्ता लिया, फिर बहाना बनाया कि उसे मानी क्षेत्र में किसी से कुछ पैसे लेने हैं, वहीं से पटना का शॉर्टकट भी है. लेकिन जैसे ही स्कूटी मानी के घने जंगल वाले इलाके में पहुंची, उसने रुककर महिला को जान से मारने की धमकी दी. डर के मारे महिला कुछ कर भी नहीं पाई. आरोपी ने उनके हाथों से करीब 2 तोला सोने के गहने और पर्स में रखे दस हजार रुपए निकाल लिए और उन्हें जंगल में धक्का देकर भाग निकला.

डरी-सहमी महिला काफी देर तक जंगल में भटकती रही. आखिरकार वह किसी तरह मुख्य सड़क तक पहुंची और वहां से गुजर रही एक गाड़ी को रुकवाया. गाड़ी चालक की मदद से उसने मानी गांव में अपने जान-पहचान वालों को सूचना दी. परिजन मौके पर पहुंचे और उसे सूरजपुर कोतवाली ले गए, जहां महिला ने पूरी घटना की लिखित शिकायत दर्ज कराई.

पीड़िता ने पुलिस को आरोपी की स्कूटी का रंग-रूप, उसकी शक्ल-सूरत और बातचीत के कुछ अहम अंश बताए हैं. पुलिस ने आसपास के इलाकों के सीसीटीवी कैमरे खंगाले तो आरोपी कई जगह कैद होता दिख रहा है. पुलिस की कई टीमें आरोपी की तलाश में जुटी हुई हैं और जल्द ही उसे पकड़ने का दावा किया जा रहा है. महिलाओं से इस तरह की ठगी और लूट की घटनाएं पहले भी सामने आती रही हैं. 

Loot case Ambikapur looted crime news lift robbery

Recent News