शराब पिलाकर महिला को बनाया हवस का शिकार, 2 आरोपी गिरफ्तार

Amanat Ansari 11 Jul 2026 02:44: AM 1 Mins
शराब पिलाकर महिला को बनाया हवस का शिकार, 2 आरोपी गिरफ्तार

जमशेदपुर: शहर में एक बार फिर महिला सुरक्षा पर सवाल खड़े कर देने वाली घटना सामने आई है. एमजीएम थाना क्षेत्र के सिमुलडांगा में दो बदमाशों ने शराब पिलाकर एक महिला के साथ गैंगरेप किया. विरोध करने पर महिला को बुरी तरह पीटा भी गया. पुलिस ने मात्र 6 घंटे के अंदर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया. पीड़िता के अनुसार, बुधवार शाम करीब 6 बजे ओमप्रकाश (38) और जितेंद्र कुमार शर्मा उर्फ छोटू (26) ने उसे डिमना चौक से बाइक पर बिठाया. पहले दोनों उसे मिर्जाडीह ले गए, वहां शराब पिलाई और जबरदस्ती करने की कोशिश की.

इसके बाद वे फिर शराब खरीदकर उसे सिमुलडांगा के सुनसान रूपाईडांगा मैदान में ले गए. वहां दोनों ने महिला को जबरन शराब पिलाई, खुद भी पी और फिर बारी-बारी से दुष्कर्म किया. जब महिला ने विरोध किया तो उसे चेहरे, मुंह, बांह और पीठ पर बुरी तरह मारा.

पीड़िता ने एक आरोपी के चेहरे पर नाखून गड़ा दिए, जो पुलिस के लिए महत्वपूर्ण सबूत साबित हुआ. रात करीब 1 बजे डायल 112 पर सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और घायल महिला को एमजीएम अस्पताल पहुंचाया. घटनास्थल से शराब-बीयर की खाली बोतलें, डिस्पोजेबल ग्लास, आरोपी की बाइक और मोबाइल बरामद किए गए.

ग्रामीण एसपी शुभम खंडेलवाल ने बताया कि पटमदा डीएसपी दयानंद कुमार के नेतृत्व में टीम ने छह घंटे के अंदर दोनों आरोपियों को दबोच लिया. दोनों आरोपी बिहार के रहने वाले हैं और जमशेदपुर में रहते थे. पुलिस मामले की आगे जांच कर रही है. पीड़िता का बयान दर्ज कर IPC की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है. यह घटना जमशेदपुर में महिलाओं की सुरक्षा को लेकर एक बार फिर चिंता बढ़ा रही है.

Jamshedpur News Jamshedpur Crime Gang-rape Jamshedpur Police

Recent News