देश के ख़िलाफ षड्यंत्र कर कर रहे हैं सपा और कांग्रेस, विदेशी पैसे पर फैला रहे अराजकता, अखिलेश और राहुल पर गरजे योगी

Global Bharat 22 Jul 2026 05:46: PM 1 Mins
देश के ख़िलाफ षड्यंत्र कर कर रहे हैं सपा और कांग्रेस, विदेशी पैसे पर फैला रहे अराजकता, अखिलेश और राहुल पर गरजे योगी

लखनऊ : उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रधानमंत्री आवास के पास हुए कांग्रेस के धरना-प्रदर्शन को लेकर कांग्रेस और समाजवादी पार्टी पर तीखा हमला बोला. उन्होंने आरोप लगाया कि कुछ राजनीतिक दल छात्रों के नाम पर लोगों को गुमराह कर अराजकता फैलाने की कोशिश कर रहे हैं. मुख्यमंत्री ने कहा कि यही लोग संविधान निर्माता डॉ. भीमराव अंबेडकर का अपमान करते रहे हैं और अब प्रधानमंत्री आवास का घेराव कर लोकतांत्रिक मर्यादाओं को भी चुनौती दे रहे हैं.

योगी आदित्यनाथ ने कहा कि कांग्रेस द्वारा प्रधानमंत्री आवास का घेराव करना लोकतांत्रिक मूल्यों के खिलाफ है. उनके अनुसार, यह बेहद शर्मनाक और गैर-जिम्मेदाराना कदम है. उन्होंने कहा कि कांग्रेस और समाजवादी पार्टी लगातार देश और प्रदेश का माहौल खराब करने की राजनीति कर रही हैं.

मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन में कहा कि जब ये दल सत्ता में थे, तब प्रदेश में दंगे, सांप्रदायिक तनाव और कानून-व्यवस्था की गंभीर समस्याएं आम बात थीं. उन्होंने दावा किया कि वर्तमान सरकार के कार्यकाल में कानून-व्यवस्था मजबूत हुई है और प्रदेश में न दंगे हो रहे हैं, न ही कर्फ्यू जैसी स्थिति बन रही है.

योगी ने आरोप लगाया कि सत्ता से बाहर होने के बाद कुछ राजनीतिक दल विदेशी पैसों के दम पर देश को अस्थिर करने और सामाजिक सौहार्द बिगाड़ने की कोशिश कर रहे हैं. उन्होंने कहा कि जनता अब इन दलों की राजनीति और उनके चरित्र को भली-भांति समझ चुकी है.

मुख्यमंत्री ने कहा कि छात्रों के मुद्दों का इस्तेमाल केवल राजनीतिक लाभ के लिए किया जा रहा है. उन्होंने दावा किया कि देश और प्रदेश की जनता ऐसे प्रयासों को स्वीकार नहीं करेगी और विकास, सुशासन तथा कानून के राज के साथ खड़ी रहेगी. साथ ही उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में विरोध का अधिकार सभी को है, लेकिन उसे शांतिपूर्ण और संवैधानिक दायरे में रहकर ही किया जाना चाहिए.

Yogi Adityanath Congress Protest Samajwadi Party PM Residence Protest Uttar Pradesh Politics

Description of the author

Recent News