युवा पुतले नहीं बनेंगे: भाजपा अध्यक्ष ने कॉकरोच पार्टी पर ‘नकारात्मक राजनीति’ का कसा तंज

Amanat Ansari 07 Jun 2026 03:12: AM 1 Mins
युवा पुतले नहीं बनेंगे: भाजपा अध्यक्ष ने कॉकरोच पार्टी पर ‘नकारात्मक राजनीति’ का कसा तंज

नई दिल्ली: कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के अपने पहले मैदानी आंदोलन के कुछ घंटों बाद, भाजपा अध्यक्ष नितिन नबीन ने इस समूह पर तेज हमला बोला. उन्होंने कहा कि देश का युवा उन लोगों के हाथों का पुतला नहीं बनेगा जो उन्हें नकारात्मक राजनीति में खींचना चाहते हैं. रांची में बुद्धिजीवियों के साथ एक कार्यक्रम को संबोधित करते हुए नबीन ने कहा कि भारत का युवा राष्ट्र निर्माण और अपने भविष्य को सुरक्षित करने पर ध्यान केंद्रित कर रहा है.

उन्होंने कहा कि कोई भी देश की युवा पीढ़ी की दिशा तय नहीं कर सकता, हालांकि उन्होंने सीधे कॉकरोच पार्टी का नाम नहीं लिया. उन्होंने कहा कि आज का युवा राष्ट्र निर्माण करना चाहता है और अपना भविष्य सुरक्षित करना चाहता है. लेकिन कुछ लोग इस देश के युवाओं को ‘एंटी-एस्टेब्लिशमेंट’ (व्यवस्था-विरोधी) करार दे रहे हैं. जो लोग भारत के युवाओं को नकारात्मक राजनीति में घसीटना चाहते हैं, उन्हें मैं चेतावनी देना चाहता हूं कि इस देश का युवा सकारात्मक राजनीति में आगे बढ़ेगा.

अमेरिका स्थित कॉकरोच पार्टी के प्रमुख अभिजीत दीपके का नाम लिए बिना नबीन ने कहा, “विदेश में बैठे कुछ लोग सोचते हैं कि वे भारत के युवाओं की दिशा तय कर सकते हैं.” उन्होंने जोर देकर कहा कि लेकिन भारत का युवा कुछ लोगों के हाथों का पुतला बनकर आगे नहीं बढ़ेगा.

ये टिप्पणियां कॉकरोच जनता पार्टी द्वारा जंतर-मंतर पर किए गए पहले प्रदर्शन के कुछ घंटों बाद आईं, जिसमें केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग की गई थी. नबीन ने कहा कि लोगों को सरकार का विरोध करने का लोकतांत्रिक अधिकार है, लेकिन यह विरोध लोकतांत्रिक मर्यादाओं के अंदर ही होना चाहिए.

उन्होंने कहा कि हम लोकतंत्र के आधार पर विरोध करेंगे, लेकिन लोकतांत्रिक मानकों को नष्ट नहीं होने देंगे. युवाओं की उपलब्धियों को रेखांकित करते हुए भाजपा नेता ने कहा कि भारत की युवा पीढ़ी नवाचार और सृजन के लिए जानी जाती है. उन्होंने कहा, “उनके समर्पण, मेहनत और प्रयासों के कारण देश में लगभग दो लाख स्टार्टअप्स शुरू हो चुके हैं. देश का लक्ष्य ग्लोबल आईटी हब बनना है.”

पड़ोसी देशों में देखे गए सरकार-विरोधी अभियानों का जिक्र करते हुए नबीन ने कहा कि ऐसी राजनीति भारतीय युवाओं को आकर्षित नहीं कर सकती. उन्होंने कहा, “हमारे पड़ोसी देशों में जो एंटी-एस्टेब्लिशमेंट अभियान देखे गए, वे इस देश के युवाओं के लिए कभी नहीं हो सकते. वे अनुशासित तरीके से राष्ट्र निर्माण का काम करेंगे.”

BJP chief youth politics Cockroach party negative politics

Recent News