नई दिल्ली: यूट्यूबर कनिका देवरानी का एक वीडियो तेजी के साथ सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिसमें उन्होंने दावा किया है कि ब्रह्मपुत्र मेल ट्रेन में उनकी और उनके सह-यात्रियों की ड्रग्स देकर बेहोश कर लूटपाट की गई. यह घटना पश्चिम बंगाल के न्यू जलपाईगुड़ी जंक्शन रेलवे स्टेशन पर ट्रेन रुकने के दौरान हुई. वीडियो जैसे सोशल मीडिया पर अपलोड हुए लोगों ने प्रतिक्रियाएं देनी शुरू कर दी.
कनिका ने इंस्टाग्राम पर एक वीडियो पोस्ट किया, जिसका कैप्शन था "ट्रैवल सेफ", जिसमें उन्होंने इस घटना का जिक्र किया. इस वीडियो ने रेलवे सुरक्षा को लेकर ऑनलाइन चिंता बढ़ा दी है. कई यूजर्स ने आईआरसीटीसी और पश्चिम बंगाल पुलिस को टैग कर मामले की जांच की मांग की है. कनिका ने अपने पोस्ट पर कमेंट में लिखा, "मैं सुरक्षित हूं और मैंने इस मुद्दे पर ट्वीट भी किया है. आपकी चिंता के लिए धन्यवाद."
वीडियो में कनिका ने बताया कि वह दिल्ली से गुवाहाटी जाने वाली ब्रह्मपुत्र मेल के 2 एसी कोच में यात्रा कर रही थीं. चूंकि फर्स्ट क्लास एसी टिकट उपलब्ध नहीं था, इसलिए उन्होंने 2एसी टिकट बुक किया था. वह सोच रही थीं कि यह सुरक्षित होगा. न्यू जलपाईगुड़ी स्टेशन पर ट्रेन रुकने के दौरान वह सो रही थीं और उनका फोन चार्जिंग पर था.
उन्होंने कहा, "कोई मेरे बर्थ पर आया, मेरा फोन तकिए के नीचे था, और उसने उसे चुरा लिया. सबसे पहले, रेलवे कर्मचारी बिना टिकट के किसी अनजान व्यक्ति को कोच में कैसे घुसने दे सकते हैं? मुझे नहीं पता वह कौन था."
कनिका ने बताया कि उस व्यक्ति ने उनके ऊपरी बर्थ पर बैठे यात्री से सीट नंबर के बारे में बात की थी. "वह व्यक्ति सीट नंबर पूछ रहा था. मुझे लगता है उसने मुझ पर कुछ स्प्रे किया, क्योंकि मुझे कुछ भी महसूस नहीं हुआ." उन्होंने दावा किया कि उनका फोन ही नहीं, बल्कि एक अन्य सह-यात्री का फोन भी उसी तरह चोरी हुआ. "मैं लोगों के चोरी की बात करने की आवाज से जागी, तब मुझे पता चला कि मेरा फोन गायब है."
कनिका के लिए स्थिति तब और डरावनी हो गई जब उनकी मां को एक कॉल आया. "किसी ने, जो खुद को आरपीएफ अधिकारी बता रहा था, मेरे फोन से मेरी मां को कॉल किया और पासवर्ड मांगा." उन्होंने यह भी कहा कि पुलिस ने उनकी मदद करने से इनकार कर दिया. हालांकि, इस वीडियो में लगाए गए आरोपों की Global Bharat TV पुष्टि नहीं करता है.