शिवपुरी : मध्य प्रदेश के शिवपुरी जिले में चर्चित यूट्यूबर रचना गुर्जर के घर बड़ी चोरी की घटना सामने आई है. नरवर थाना क्षेत्र के मोहानी ख्यावदा गांव स्थित उनके आवास को निशाना बनाते हुए अज्ञात चोर लाखों रुपये की नकदी, सोने-चांदी के आभूषण और कई कीमती इलेक्ट्रॉनिक सामान लेकर फरार हो गए. घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया है.
जानकारी के अनुसार, रचना गुर्जर सोशल मीडिया पर काफी लोकप्रिय हैं और उनके वीडियो तथा रील्स को बड़ी संख्या में लोग देखते हैं. वह अक्सर अपने वीडियो में सोने के आभूषण, नकदी और लग्जरी लाइफस्टाइल से जुड़ी चीजें दिखाती थीं. कई वीडियो में उन्हें परिवार के साथ भारी गहने पहने हुए देखा गया है, जबकि कुछ रील्स में उन्होंने आभूषणों को अलग से भी प्रदर्शित किया था.
स्थानीय लोगों के बीच चर्चा है कि सोशल मीडिया पर बार-बार कीमती सामान दिखाने की वजह से उनके घर और संपत्ति की जानकारी गलत लोगों तक पहुंच गई होगी. हालांकि पुलिस ने अभी तक चोरी के पीछे की वजह को लेकर कोई आधिकारिक टिप्पणी नहीं की है.
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी. आसपास के क्षेत्रों में संदिग्ध गतिविधियों की जानकारी जुटाई जा रही है तथा संभावित आरोपियों की तलाश की जा रही है. फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और चोरी गए सामान का आकलन किया जा रहा है.