छत्तीसगढ़ के कवर्धा से एक दर्दनाक हादसे की खबर आई रही है, जहां सड़क हादसे में 18 लोगों की मौत हो गई है. दरअसल बैगा आदिवासी तेंदुपत्ता तोड़कर पिकअप पर सवार होकर वापस घर आ रहे थे. इसी दौरान पिकअप खाई में गिर गई, जिससे 18 लोगों की मौत हो गई है. पिकअप में 25 से 30 लोग सवार थे.
जानकारी के अनुसार, पिकअप में बैठे लोग ग्राम सेमहारा (कुई) के रहने वाले हैं, जो कि तेंदूपत्ता तोड़ने गए थे. जिस सड़क में यह हादसा हुआ है वह प्रधानमंत्री सड़क में आती है. ये कुई से होते हुए नेऊर और रुकमीदादर को जोड़ती है. इसके बाद मध्य प्रदेश शुरू हो जाता है. घटना स्थल सुदुर वनांचल व पहाड़ी क्षेत्र में आता है. यहां पर मोबाइल नेटवर्क भी काम नहीं करता है.
PM मोदी ने जताया दुख
वहीं इस हादसे को लेकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने दुख जताते हुए कहा ''छत्तीसगढ़ के कवर्धा में हुआ सड़क हादसा अत्यंत पीड़ादायक है. इस दुर्घटना में जिन्होंने अपनों को खोया है, उनके प्रति मेरी शोक-संवेदनाएं. इसके साथ ही मैं सभी घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करता हूं. राज्य सरकार की देखरेख में स्थानीय प्रशासन पीड़ितों की हरसंभव मदद में जुटा है.''