हैदराबाद में करोड़ों की एस्टन मार्टिन से कुचली गई 26 साल की युवती, सांसद के बेटे पर केस दर्ज

Amanat Ansari 21 Aug 2026 03:24 PM 1 Mins
हैदराबाद में करोड़ों की एस्टन मार्टिन से कुचली गई 26 साल की युवती, सांसद के बेटे पर केस दर्ज

हैदराबाद: तेलंगाना की राजधानी हैदराबाद में एक दर्दनाक सड़क हादसे ने सबको झकझोर दिया है. तेज रफ्तार लग्जरी एस्टन मार्टिन कार की चपेट में आने से 26 वर्षीय युवती की मौत हो गई. इस मामले में आंध्र प्रदेश के जनसेना पार्टी के राज्यसभा सांसद लिंगामनेनी रमेश के 21 वर्षीय बेटे लिंगामनेनी संजुश के खिलाफ केस दर्ज किया गया है.

कैसे हुआ हादसा?

16 अगस्त को दोपहर करीब 3 बजे माधपुर थाना क्षेत्र में इनऑर्बिट मॉल के सामने यह घटना हुई. लाइफस्टाइल स्टोर में काम करने वाली भारती मुखी और उनकी सहकर्मी पूजा अशोक अलोन आईटीसी कोहेनूर के पास खाना लेने गई थीं. लौटते समय सड़क पार करते हुए भारती को TG-09-G-0666 नंबर वाली तेज रफ्तार एस्टन मार्टिन कार ने जोरदार टक्कर मार दी. टक्कर इतनी भीषण थी कि युवती के सिर में गंभीर चोटें आईं. उन्हें उसी कार से जुबली हिल्स स्थित अपोलो अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया.

आरोपी की पहचान और पुलिस कार्रवाई

पुलिस जांच में कार चलाने वाले व्यक्ति की पहचान सांसद लिंगामनेनी रमेश के बेटे संजुश के रूप में हुई. उन पर लापरवाही और तेज रफ्तार से गाड़ी चलाने का आरोप है. माधपुर पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 106(1) के तहत FIR (क्राइम नंबर 1238/2026) दर्ज की है.

संजुश को उसी दिन पकड़ लिया गया. उनका ड्रंक-एंड-ड्राइव और ड्रग टेस्ट कराया गया. ब्लड सैंपल फोरेंसिक साइंस लैब भेजे गए हैं. एस्टन मार्टिन कार को पुलिस ने जब्त कर लिया है. चूंकि यह लापरवाही से मौत का मामला है (जिसकी सजा 7 साल से कम है), इसलिए उन्हें स्टेशन बेल पर रिहा कर दिया गया है.
जांच जारी है और पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट का इंतजार है. सांसद के बेटे की इस घटना से राजनीतिक चर्चा भी तेज हो गई है.

Telangana News Telangana Crime Hyderabad Crime Hyderabad Accident Aston Martin Car

Recent News