अभिजीत दीपके का राजस्थान सरकार को 48 घंटे का अल्टीमेटम: जयपुर में जंतर-मंतर जैसा आंदोलन शुरू करने का ऐलान

Amanat Ansari 21 Aug 2026 05:49 PM 1 Mins
अभिजीत दीपके का राजस्थान सरकार को 48 घंटे का अल्टीमेटम: जयपुर में जंतर-मंतर जैसा आंदोलन शुरू करने का ऐलान

जयपुर: कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के संस्थापक अभिजीत दीपके ने राजस्थान सरकार को 48 घंटे का अल्टीमेटम दिया है. जयपुर में आशुतोष रांका और उनकी टीम पर कथित हमले के बाद दीपके ने दो मांगें रखी हैं. अगर ये मांगें पूरी नहीं हुईं तो वे खुद जयपुर पहुंचकर स्कूल के सामने धरना देंगे और जंतर-मंतर जैसा बड़ा आंदोलन शुरू करेंगे.

क्या हैं मांगें?

अभिजीत दीपके ने कहा कि अगले 48 घंटे के अंदर उस सरकारी स्कूल को ठीक कराने का काम शुरू किया जाए. आशुतोष रांका और टीम पर हमला करने वाले आरोपियों को गिरफ्तार किया जाए. उन्होंने चेतावनी दी कि अगर ये काम नहीं हुआ तो मैं खुद जयपुर आऊंगा और स्कूल के सामने बैठा रहूंगा. जब तक स्कूल ठीक करने का काम शुरू नहीं होता. दीपके ने समर्थकों से भी जयपुर पहुंचने की अपील की और कहा कि वे जंतर-मंतर की तरह धरना देंगे और पीछे नहीं हटेंगे.

शुक्रवार को CJP की टीम जयपुर के रामपुरा-कंवरपुरा स्थित सरकारी प्राथमिक विद्यालय का दौरा करने पहुंची थी. टीम का दावा है कि वह स्कूल भवन की स्थिति का जायजा लेने और छात्रों-शिक्षकों से बात करने गई थी. इसी दौरान स्थानीय ग्रामीणों के विरोध का सामना करना पड़ा. आरोप है कि कार्यकर्ताओं को गांव से बाहर खदेड़ा गया, प्रदर्शन किया गया और मारपीट भी हुई.

दीपके ने भाजपा पर आरोप लगाते हुए कहा कि आशुतोष और उनकी टीम को भाजपा के गुंडों ने मारा-पीटा. उनका आरोप है कि भैंस के तबेले में बच्चों को पढ़ाया जा रहा था, जिसका खुलासा करने पर यह हमला हुआ. उन्होंने सरकार द्वारा जारी सर्कुलर (टूटे स्कूल की फोटो-वीडियो न लेने का) को भी वापस लेने की मांग की.

स्थानीय निवासी और भाजपा कार्यकर्ता कहते हैं कि स्कूल की मरम्मत स्थानीय स्तर पर कराई जा सकती है. उनका दावा है कि सरकार पहले ही इसके लिए धन मंजूर कर चुकी है. वे मुद्दे को राजनीतिक नहीं बनाना चाहते. इस विवाद से राजनीतिक टकराव बढ़ता दिख रहा है. CJP स्कूलों की खराब स्थिति का मुद्दा उठा रही है, जबकि प्रशासन और स्थानीय लोग इसे बाहरी हस्तक्षेप बता रहे हैं.

cockroach janta party abhijeet dipike cjp jaipur school vivad

Recent News