बेंगलुरु: कर्नाटक कांग्रेस के करीब 30 विधायक पार्टी हाईकमान के दिल्ली स्थित दफ्तर जा रहे हैं. वे राहुल गांधी से मुलाकात कर खुद के लिए मंत्रिपद हासिल करने और मुख्यमंत्री सिद्धारमैया पर कैबिनेट रीशफल (मंत्रिमंडल विस्तार/फेरबदल) का दबाव बनाने की कोशिश कर रहे हैं. यह कदम मार्च में एक रात्रिभोज पर हुई रणनीति बैठक के बाद उठाया गया है, जिसमें विधायकों ने हालिया उपचुनावों के बाद कैबिनेट फेरबदल की बढ़ती मांगों पर चर्चा की थी.
सोमवार को प्रस्तावित इस यात्रा से पहले कांग्रेस विधायक बेलूर गोपालकृष्ण ने कहा कि समूह ने पहले भी बड़ी संख्या में बैठक की थी और सामूहिक रूप से मंत्रिमंडल में अवसर की मांग करने का फैसला किया है. उन्होंने कहा कि कुछ नेताओं को तीन, चार, यहां तक कि पांच बार मौका दिया जा चुका है. हम उन लोगों को अवसर देने का अनुरोध करेंगे जिन्हें अभी तक मंत्रिमंडल में जगह नहीं दी गई है.
उन्होंने यह भी जोड़ा कि यह यात्रा सिर्फ मंत्रिपद हासिल करने पर केंद्रित है. इसी भावना को दोहराते हुए कांग्रेस विधायक अशोक पट्टण ने कहा कि यह प्रयास सामूहिक नेतृत्व की दिशा में एक कदम है. पट्टण ने कहा कि हमारी सिर्फ एक मांग है. हम अनुरोध कर रहे हैं कि जितनी जल्दी हो सके कैबिनेट का पुनर्गठन किया जाए और हम जैसे वरिष्ठ सदस्यों को अवसर दिया जाए.
उन्होंने बताया कि सिद्धारमैया ने पहले संकेत दिया था कि दो साल बाद दूसरों को जगह दी जाएगी, लेकिन चुनाव और विधानसभा सत्रों के कारण लगभग तीन साल बीत चुके हैं. उन्होंने यह भी कहा कि समूह एआईसीसी अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे से मुलाकात करेगा और उपलब्धता के अनुसार केसी वेणुगोपाल, रणदीप सुरजेवाला और राहुल गांधी जैसे वरिष्ठ नेताओं से भी मिलने की कोशिश करेगा.
पट्टण ने कहा कि फैसला हाईकमान को लेना है. हमारी मांग में कुछ भी विवादास्पद नहीं है. विधायकों ने यह भी संकेत दिया है कि वे कैबिनेट के बड़े स्तर पर पुनर्गठन के जरिए करीब 25 पद खाली करवाना चाहते हैं. उनका तर्क है कि कई नेताओं ने कई बार मंत्रिपद संभाल लिया है, जिससे नए चेहरों के लिए जगह बहुत कम बचती है. अपनी यात्रा में सिर्फ कैबिनेट विस्तार के अलावा कोई अन्य एजेंडा न होने पर जोर देते हुए, विधायकों ने कहा कि वे अपनी मांगों, इरादों और आकांक्षाओं को पेश करने के लिए सामूहिक रूप से नेतृत्व से मिल रहे हैं.