सिद्धार्थनगर में रील बनाने के चक्कर में पानी की टंकी में फंसे 5 बच्चे, एयरफोर्स ने बचाई दो जिंदगियां, एक की मौत

Amanat Ansari 03 May 2026 11:58: AM 1 Mins
सिद्धार्थनगर में रील बनाने के चक्कर में पानी की टंकी में फंसे 5 बच्चे, एयरफोर्स ने बचाई दो जिंदगियां, एक की मौत

Siddharthnagar: सिद्धार्थनगर में एक दुखद घटना में रील बनाने के लिए पानी की टंकी पर चढ़े पांच बच्चे फंस गए. स्थानीय प्रशासन और वायुसेना की तेजी से की गई कार्रवाई में दो बच्चों को सुरक्षित निकाल लिया गया, लेकिन एक किशोर की जान नहीं बच सकी. पानी की टंकी के आसपास दलदली जमीन होने के कारण रेस्क्यू ऑपरेशन बेहद चुनौतीपूर्ण हो गया.

हाईड्रोलिक क्रेन को टंकी तक पहुंचाने में दिक्कत हुई, जिसके बाद प्रशासन ने वैकल्पिक सड़क बनाने का काम शुरू किया. रात 3 बजे अचानक बारिश शुरू हो जाने से काम रुक गया. जिलाधिकारी शिवशरणप्पा जीएन और एसएसपी अभिषेक महाजन समेत सभी वरिष्ठ अधिकारी पूरे समय मौके पर मौजूद रहे. बारिश थमने के बाद जिलाधिकारी ने मुख्यमंत्री कार्यालय से संपर्क किया. इसके बाद गोरखपुर से वायुसेना का हेलीकॉप्टर बुलाया गया.

रविवार सुबह करीब 5:20 बजे हेलीकॉप्टर पहुंचा और एयरफोर्स के जवानों ने मात्र 9 मिनट में टंकी पर फंसे पवन (14) और शाबान (12) को सुरक्षित नीचे उतार लिया. इससे पहले आसपास के लोगों ने शोर सुनकर गोलू (12), सनी (14) और सिद्धार्थ (10) को घायल हालत में नीचे उतारा और तुरंत मेडिकल कॉलेज पहुंचाया. वहां सिद्धार्थ को मृत घोषित कर दिया गया. गोलू और सनी की हालत गंभीर बताई जा रही है, उनका इलाज चल रहा है.

जिलाधिकारी ने बताया कि दलदल और बारिश जैसी मुश्किल परिस्थितियों में हेलीकॉप्टर की मदद से ही दोनों बच्चों को समय रहते बचाया जा सका. यह घटना सोशल मीडिया रील बनाने की लापरवाही की कीमत कितनी भारी हो सकती है, इसका एक और उदाहरण बन गई है.

Siddharthnagar Reel Accident Siddharthnagar News

Recent News