कौन हैं रो खन्ना ने जिन्होंने RSS के कार्यक्रम से बनाई दूरी, अमेरिकी रक्षा मंत्री से पूछे कड़े सवाल?

Amanat Ansari 03 May 2026 02:05: PM 2 Mins
कौन हैं रो खन्ना ने जिन्होंने RSS के कार्यक्रम से बनाई दूरी, अमेरिकी रक्षा मंत्री से पूछे कड़े सवाल?

 वॉशिंगटन: कुछ दिन पहले अमेरिका के भारत मूल के सांसद रो खन्ना ने एक विवादास्पद कार्यक्रम से खुद को अलग कर लिया था. हडसन इंस्टीट्यूट में आयोजित 'न्यू इंडिया कॉन्फ्रेंस' में आरएसएस के सरकार्यवाह दत्तात्रेय होसबले की मौजूदगी के बाद खन्ना ने स्पष्ट किया कि वे इस कार्यक्रम का समर्थन नहीं करते. खन्ना ने एक्स पर लिखा कि वे खुद कार्यक्रम में शामिल नहीं हुए थे.

हडसन इंस्टीट्यूट ने उनसे सिर्फ एक मिनट का वीडियो संदेश मांगा था, जिसे उन्होंने उपलब्ध करा दिया. उन्होंने कहा कि मुझे इस कार्यक्रम में आने वाले अन्य मेहमानों की कोई जानकारी नहीं थी और मैं आरएसएस का किसी भी रूप में समर्थन नहीं करता. इस कार्यक्रम में भाजपा के वरिष्ठ नेता विजय चौथाईवाले और राम माधव भी शामिल थे.

इसके अलावा अमेरिकी विदेश विभाग की दक्षिण एशिया संबंधी अधिकारी बेथनी मॉरिसन और पूर्व अधिकारी कर्ट कैंपबेल जैसी हस्तियां भी मौजूद रहीं. बता दें कि रो खन्ना को 2028 के अमेरिकी राष्ट्रपति चुनाव में डेमोक्रेटिक पार्टी की तरफ से संभावित दावेदार माना जा रहा है. उन्होंने पहले भी हिंदुत्व की राजनीति से साफ दूरी बनाए रखी है.

2019 में खन्ना ने कहा था कि हर हिंदू अमेरिकी राजनेता का दायित्व है कि वह बहुलवाद का समर्थन करे, हिंदुत्व को अस्वीकार करे और सभी धर्मों, हिंदू, मुस्लिम, सिख, बौद्ध व ईसाई के समान अधिकारों की वकालत करे.

इस बयान पर भारतीय-अमेरिकी समुदाय के कुछ हिस्सों में काफी नाराजगी हुई थी. खन्ना ने बचाव करते हुए कहा था कि वे किसी खास समूह के दबाव में नहीं आएंगे. हाल ही में रो खन्ना ने ईरान युद्ध को लेकर ट्रंप प्रशासन से कई कड़े सवाल पूछे, जिनका जवाब देते समय अमेरिकी रक्षा मंत्री पीट हेगसेथ काफी असहज हो गए थे.

कौन हैं रो खन्ना?

रो खन्ना  कैलिफोर्निया के 17वीं कांग्रेस डिस्ट्रिक्ट से डेमोक्रेटिक पार्टी के अमेरिकी सांसद हैं. पूरा नाम रोहित "रो" खन्ना बताया जाता है. कुछ मीडिया रिपोर्ट्स से जानकारी मिलती है कि इनके माता-पिता 1970 के दशक में भारत से अमेरिका आए थे. यूनिवर्सिटी ऑफ शिकागो से इकोनॉमिक्स में BA और येल यूनिवर्सिटी से लॉ की पढ़ाई की है. 

गांधीवादी थे नाना

रो खन्ना के पिता केमिकल इंजीनियर (IIT ग्रेजुएट) हैं और मां स्कूल टीचर रहीं. नाना  अमरनाथ विद्यालंकर रो खन्ना के सबसे बड़े प्रेरणा स्रोत हैं. वे स्वतंत्रता सेनानी थे और गांधीजी के आंदोलन में सक्रिय रहे थे. ब्रिटिश राज के खिलाफ कई साल जेल में भी रहे और लाला लाजपत राय के साथ काम किया. स्वतंत्र भारत की पहली संसद (लोकसभा) के सदस्य रहे.

बाद में पत्रकार और सामाजिक कार्यकर्ता के रूप में काम किया. रो खन्ना बचपन में गर्मियों में दिल्ली जाकर नाना के साथ समय बिताते थे. उन्होंने कई बार कहा है कि शतरंज खेलते हुए नाना से मिली बातें (गांधीवाद, बहुलवाद और शांति) आज भी उन्हें प्रभावित करती हैं. 2023 में स्वतंत्रता दिवस पर रो खन्ना ने बाइपार्टिसन डेलिगेशन का नेतृत्व किया, लाल किले पर पीएम मोदी के भाषण में शामिल हुए और राजघाट पर गांधीजी को श्रद्धांजलि दी.

Ro Khanna Rohit Khanna US RSS Event Ro Khanna and the RSS

Recent News