पांढुर्णा: एक अफवाह ने 71 साल के बुजुर्ग को मौत के मुंह में धकेल दिया था. किडनी चोरी के डर से वे शहर के बीचों-बीच 230 फीट ऊंचे बीएसएनएल टावर पर चढ़ गए और लगभग 48 घंटे तक भूखे-प्यासे वहां बैठे रहे. 71 वर्षीय अंबुज दिगर पश्चिम बंगाल के रहने वाले हैं. पांढुर्णा के तीन शेर चौक स्थित बीएसएनएल टावर पर चढ़ने के बाद प्रशासन में हड़कंप मच गया.
पुलिस, नगर पालिका, स्वास्थ्य विभाग और बिजली विभाग की टीमें लगातार 48 घंटे तक रेस्क्यू ऑपरेशन में जुटी रहीं. धूप, बारिश और ठंडी हवाओं के बीच बुजुर्ग को सुरक्षित नीचे उतारने के लिए अधिकारियों ने बड़ी चुनौती का सामना किया.
परिजनों ने बताया कि बुजुर्ग मानसिक रूप से अस्वस्थ नहीं थे. घर से निकलते समय परिवार वालों ने उन्हें अनजान लोगों से सावधान रहने और किडनी चोर गिरोहों की अफवाह के बारे में चेतावना दी थी. पांढुर्णा में भीड़ देखकर बुजुर्ग घबरा गए और उन्हें लगा कि लोग उनकी किडनी निकालने के लिए पीछे पड़े हैं. जान बचाने के लिए उन्होंने टावर पर चढ़ना ही एकमात्र रास्ता समझा.
अधिकारियों ने धैर्य के साथ बुजुर्ग से बातचीत की, उन्हें भोजन और पानी पहुंचाया और अंततः उन्हें सुरक्षित नीचे उतार लिया. बुजुर्ग को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका स्वास्थ्य सामान्य पाया गया. डॉक्टरों ने आगे जांच के लिए सलाह दी है.