नवादा (बिहार): एक साधारण गरीब महिला के लिए पेंशन निकालने का दिन जीवन का सबसे हैरान करने वाला दिन बन गया. नवादा शहर के नीम टोला मोहल्ले की रहने वाली रेखा देवी शुक्रवार शाम सामाजिक सुरक्षा पेंशन के 1100 रुपए निकालने ग्राहक सेवा केंद्र (सीएसपी) पहुंचीं. जब ट्रांजैक्शन रसीद निकली तो उनके होश उड़ गए.
उनके सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया खाते में 7,40,68,72,895.78 रुपए यानी करीब 740 करोड़ रुपए का बैलेंस दिख रहा था. सीएसपी संचालक ने मजाक में कहा- ''दीदी, आप तो राजा बन गईं''. लेकिन रेखा देवी को यह मजाक बिल्कुल भी नहीं लगा. सदमे में उनकी तबीयत बिगड़ गई, रात भर नींद नहीं आई और उन्होंने खाना भी नहीं खाया.
उन्होंने कहा. ''मुझे लगा कहीं कोई बड़ी गड़बड़ी न हो गई हो. हमारे पास इतने पैसे कहां से आएंगे? अगर दिल थोड़ा कमजोर होता तो हार्ट अटैक आ जाता.'' रेखा देवी ने बताया कि वे बेहद गरीब परिवार से हैं. इतनी बड़ी रकम देखकर वे बुरी तरह घबरा गईं. अभी तक यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि एक साधारण महिला के खाते में अचानक इतनी भारी-भरकम रकम कहां से आई.
आशंका है कि बैंक के सर्वर या सिस्टम में कोई तकनीकी खराबी आई होगी. बैंक अधिकारी इस मामले की जांच कर रहे हैं. पिछले समय में बिहार के विभिन्न जिलों में भी आम लोगों के खातों में अचानक करोड़ों रुपए दिखने के ऐसे मामले सामने आ चुके हैं.