Khandwa gang rape: लगभग 90 वर्षीय एक महिला के साथ मध्य प्रदेश के खंडवा जिले में चार नकाबपोश पुरुषों द्वारा कथित तौर पर बलात्कार किया गया, जिसके बाद पुलिस ने विशेष जांच दल (SIT) गठित कर जांच शुरू कर दी है, पुलिस ने शनिवार को यह जानकारी दी. पीड़िता को यौन उत्पीड़न के दौरान लगी चोटों के इलाज के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है.
पुलिस ने बताया कि वह खतरे से बाहर हैं. घटना गुरुवार रात को हुई, जब महिला अपने गांव के खेत में बनी झोपड़ी में अकेली थीं, जो जिला मुख्यालय से लगभग 55 किमी दूर है. वहां चार नकाबपोशों ने कथित तौर पर उनके साथ सामूहिक बलात्कार किया.
अगली सुबह महिला ने अपनी बेटी को इस घटना की जानकारी दी. बेटी ने उन्हें जिला अस्पताल पहुंचाया. अस्पताल के स्टाफ ने महिला और उनकी बेटी को पुलिस से संपर्क करने की सलाह दी. खंडवा के पुलिस अधीक्षक मनोज राय ने कहा कि शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता की धारा 70 (सामूहिक बलात्कार से संबंधित) के तहत मामला दर्ज किया गया.
एक अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक के नेतृत्व में SIT गठित की गई है, और तीन टीमें अपराधियों की तलाश में लगाई गई हैं. पुलिस ने आरोपियों की गिरफ्तारी में सूचना देने वाले को 10,000 रुपए का इनाम भी घोषित किया है.