लखीमपुर : यूपी के लखीमपुर जिले में स्थित मियांपुर का नाम बदल दिया गया है. यह गांव मियांपुर के नाम से नहीं बल्कि रविंद्रनगर के नाम से जाना जाएगा. नाम बदलने की घोषणा मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने की है. लखीमपुर पहुंचे योगी आदित्यनाथ ने बांग्लादेशी हिंदुओं को जमीनें दी. वहीं, कांग्रेस को ऊपर जमकर निशाना साधा. योगी आदित्यनाथ ने कहा कि कांग्रेस का पाप देखिए. आपकी पहचान छुपाने के लिए गांव का नाम मियांपुर रख दिया. आप सोचो कि एक भी मियां इस गांव में नहीं है, लेकिन नाम मियांपुर. अब बांग्लादेश से आए बंधुओं के नाम से बस्ती होगी. यह रविन्द्रनगर के नाम से जाना जाएगा. भारत को राष्ट्रगान देने वाले गुरुदेव रविन्द्र नाथ टैगोर के नाम से आपकी पहचान होगी.
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ लखीमपुर के दौरे पर पहुंचे हुए थे. इस दौरान मुख्यमंत्री ने मोहम्मदी विधानसभा के मियांपुर गांव के नाम बदलने का ऐलान किया. ऐलान के साथ ही 331 बांग्लादेशी हिन्दू परिवारों को जमीन का मालिकाना हक भूमि अधिकार पत्र बांटे. पालिया में भी मुख्यमंत्री ने थारू जनजाति के 4356 परिवार व स्वतंत्रता संग्राम सैनानी के 2350 आश्रित परिवारों को जमीन का कागजात सौपे. लखीमपुर खीरी को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने 1311 करोड़ रुपये का सौगात दिया. इनमें 356 करोड़ की 345 परियोजनाओं का लोकार्पण और 955 करोड़ की 193 परियोजनाओं का शिलान्यास किया.
मियांपुर का बदला नाम
योगी आदित्यनाथ ने सौगात देने के बाद कांग्रेस व सपा पर जमकर बरसे. योगी आदित्यनाथ ने कहा कि पाप किस हद तक बोलता है कि बांगलादेश ने ठुकराया. इनपर अत्याचार हुए. पैतृक संपत्ति पर दरिंदों ने कब्जा कर लिया. कांग्रेस का पाप देखा. आपसे वोट लिया, लेकिन कभी आपको मालिकाना हक नहीं दिया. आपकी पहचान छिपाने के लिए गांव का नाम मियांपुर रख दिया. आप सोचो कि एक भी मियां नहीं और नाम मियांपुर.
माफिया बनने की सोची तो मिट्टी में मिला देंगे
योगी आदित्यनाथ ने कहा कि पहले लखीमपुर का नाम लक्ष्मीपुर हुआ करता था, लेकिन पिछली सरकारों की माफियागिरी ने इससे इसकी पहचान छीन ली. सपा की सरकार में रोजगार नहीं मिला, लेकिन हर जिले में एक माफिया पैदा कर दिया. यहीं इनकी पहचान थी. आज गर्व से कह सकता हूं कि नया प्रदेश माफ़ियामुक्त, दंगामुक्त और गुंडामुक्त है. जितने माफिया थे, उन्हें मिट्टी में मिला दिया. जो बचे है. खुद समझदार है. माफियागिरी छोड़ चुके हैं. किसी ने भी प्रदेश में माफिया बनने के लिए सोचा तो मिट्टी में मिला देंगे.