अगर आप भी ऑनलाइन शॉपिंग करते हैं तो ये खबर आपके लिए ही है. यूपी के प्रयागराज से एक ऐसी घटना सामने आयी है जिसमे एक लड़के के साथ 200 रुपए के चक्कर में 2 लाख की ठगी हो गयी. दरअसल प्रयागराज के कटुला गोसपुर इलाके में एक युवक के साथ ऑनलाइन शॉपिंग करते समय बड़ी ठगी हो गई. सिर्फ 200 रुपये के बाल काटने वाली ट्रिमर के बदले युवक के खाते से 2 लाख रुपये की ठगी हो गई. यह घटना सभी के लिए एक चेतावनी है कि ऑनलाइन शॉपिंग करते समय भी आपको सतर्क रहना है और किसी अनजान व्यक्ति को अपनी निजी जानकारी नहीं देनी है.
धोखाधड़ी का पूरा मामला
प्रयागराज जिले के कटुला गोसपुर निवासी सोनू ने 1 सितंबर को ऑनलाइन एक हेयर ट्रिमर खरीदा था, जिसकी कीमत 203 रुपये थी. 6 सितंबर को डिलीवरी बॉय ने उसे एक गलत पैकेट दिया, जिसमें ट्रिमर की जगह कुछ और सामान था. सोनू ने तुरंत इस बारे में शिकायत की और पैकेट वापस कर दिया, लेकिन उसे उसके पैसे वापस नहीं मिले. पैसे वापस न मिलने के बाद, सोनू ने 10 सितंबर को कंपनी के कस्टमर केयर नंबर पर कॉल किया.
2 लाख रुपये की ठगी कैसे हुई?
सोनू ने बताया कि जब उसने कस्टमर केयर से बात की, तो एक व्यक्ति ने अपना नाम मनीष कुमार मिश्रा बताया और कहा कि पैसे वापस करने के लिए उसे उसके पर्सनल नंबर पर कॉल करना होगा. सोनू ने उसकी बात मानकर कॉल किया और उस व्यक्ति ने सोनू से उसका मोबाइल नंबर, ईमेल आईडी और आधार कार्ड की जानकारी मांगी. इसके बाद, उस व्यक्ति ने सोनू के खाते से तीन किश्तों में 1 लाख 91 हजार रुपये निकाल लिए.
पुलिस में शिकायत और बैंक खाता फ्रीज
जब सोनू को ठगी का पता चला, तो वह तुरंत बैंक गया और अपना खाता फ्रीज करवा दिया. इसके बाद उसने पुलिस में शिकायत दर्ज करवाई और अपने पैसे वापस पाने की कोशिश शुरू की.
यह घटना एक सख्त चेतावनी है कि ऑनलाइन शॉपिंग करते समय भी आपको बेहद सतर्क रहना है. कभी भी किसी अनजान व्यक्ति को अपनी आधार कार्ड की जानकारी, ईमेल आईडी, ओटीपी या बैंक से जुड़ी कोई भी निजी जानकारी न दें. अगर आपको कोई समस्या होती है, तो केवल कंपनी के आधिकारिक कस्टमर केयर से संपर्क करें और किसी अनजान व्यक्ति से बात करने से बिलकुल बचें. ऑनलाइन शॉपिंग के दौरान छोटी-छोटी सावधानियां आपको बड़ी ठगी से बचा सकती हैं.