पटना: बिहार के मशहूर टीचर खान सर (फैजल खान) अब खुद मुश्किल में फंसते नजर आ रहे हैं. पटना पुलिस ने उनके खिलाफ हत्या के प्रयास और आर्म्स एक्ट की गैर-जमानती धाराओं में FIR दर्ज कर ली है. कोर्ट से अग्रिम जमानत या स्टे नहीं मिला तो उनकी गिरफ्तारी लगभग तय मानी जा रही है.
क्या है पूरा मामला?
मंगलवार रात खान ग्लोबल स्टडीज कोचिंग पर हुए हमले के दौरान उनके ही दो गार्डों ने फायरिंग की थी. गुरुवार को दोनों गार्ड गिरफ्तार हुए. उनके बयान के आधार पर शुक्रवार को खान सर पर भी केस दर्ज किया गया. पुलिस FIR में आरोप है कि हमले के बाद खान सर बाहर निकले और गार्ड्स को कहा- “देख क्या रहे हो, भीड़ पर अविलंब फायर करो, जो होगा मैं समझ लूंगा.” गार्डों ने उनके कहने पर ही गोली चलाई.
खान सर ने पहले दावा किया था कि हमलावरों ने कई राउंड फायरिंग की, लेकिन बाद में अपना बयान बदल दिया. अब गार्डों के कबूलनामे ने पूरे मामले को गंभीर मोड़ दे दिया है.
कोचिंग जगत की इस सनसनीखेज़ rivalry ने अब कानूनी और प्रशासनिक स्तर पर तूल पकड़ लिया है. छात्रों में भी काफी आक्रोश है. पुलिस ने छात्र-छात्राओं से अपील की है कि वे कोचिंग के बहकावे में न आएं.
अभी देखना यह है कि खान सर कोर्ट से राहत पाते हैं या पटना पुलिस उन्हें गिरफ्तार कर लेती है.