JEE Advanced 2026: ई-रिक्शा चलाने वाले पिता के बेटे ने कर दिखाया कमाल

Amanat Ansari 05 Jun 2026 02:47: PM 2 Mins
JEE Advanced 2026: ई-रिक्शा चलाने वाले पिता के बेटे ने कर दिखाया कमाल

JEE Advanced 2026: राजस्थान के एक छोटे से गांव में ई-रिक्शा चलाने वाले पिता के बेटे ने करिश्मा कर दिखाया है. इंद्रजीत ने JEE Advanced 2026 में OBC-NCL श्रेणी में 1040वीं रैंक हासिल कर अपने गांव पठानवाला (श्री गंगानगर) से IIT जाने वाले पहले छात्र बनने का गौरव हासिल किया है. सीमित संसाधनों के बावजूद सपनों को पंख लगाने की मिसाल बने इंद्रजीत की कहानी कई युवाओं के लिए प्रेरणा है. गांव में बुनियादी सुविधाओं की कमी के बीच उन्होंने कभी हार नहीं मानी और मेहनत से मुश्किलें पार कीं.

सपनों की शुरुआत

पठानवाला गांव में पले-बढ़े इंद्रजीत ने 10वीं कक्षा में पहली बार IIT का नाम सुना. शुरू में उन्हें लगा कि यह सपना सिर्फ बड़े शहरों के अमीर छात्रों के लिए है, जिन्हें महंगी कोचिंग और बेहतर सुविधाएं मिलती हैं. लेकिन उन्होंने फैसला कर लिया कि अपनी आर्थिक स्थिति को सपनों की राह में रोड़ा नहीं बनने देंगे. घर की आर्थिक स्थिति काफी कमजोर थी. पिता ई-रिक्शा चलाते हैं और परिवार की सालाना आय एक लाख रुपये से भी कम है. ऐसे में कोचिंग संस्थानों का खर्च उठाना नामुमकिन था.

लाइब्रेरी बनी सहारा

इंटरनेट डेटा और बिजली कटौती जैसी समस्याओं के बावजूद इंद्रजीत ने ऑनलाइन शिक्षा का रास्ता चुना. उनके पिता ने पास के गांव की लाइब्रेरी में पढ़ने का सुझाव दिया. वहां फ्री वाई-फाई, टेबल-कुर्सी और बिजली की कोई दिक्कत नहीं थी. धीरे-धीरे यही लाइब्रेरी इंद्रजीत का मुख्य अध्ययन केंद्र बन गई.

2025 में JEE देने के बाद परिणाम से संतुष्ट न होने पर उन्होंने ड्रॉप ईयर लिया. इस दौरान उन्होंने PhysicsWallah जैसे ऑनलाइन प्लेटफॉर्म से तैयारी की. सुबह 6 बजे से पढ़ाई शुरू कर रात 9 बजे तक अनुशासित दिनचर्या अपनाई. रोजाना गणित, भौतिकी और रसायन विज्ञान का संतुलित अध्ययन करते रहे.

नहीं छोड़ी कोशिश

तैयारी के दौरान कई बार टेस्ट में कम अंक आने से निराशा हुई, लेकिन इंद्रजीत ने कभी हिम्मत नहीं हारी. उनका अपना मंत्र था, “डिमोटिवेशन मेरे शब्दकोश में नहीं है...” वे कहते हैं कि हालात चाहे जितने भी प्रतिकूल हों, लगातार प्रयास करते रहना चाहिए.

ग्रामीण छात्रों को संदेश

इंद्रजीत अब दूसरे गांव और छोटे शहरों के छात्रों को प्रेरित करते हुए कहते हैं कि महंगी कोचिंग के बिना भी सफलता पाई जा सकती है. उन्होंने क हा, ''मैंने ऑनलाइन पढ़ाई से JEE Advanced क्रैक किया है, आप भी कर सकते हैं. बस खुद पर पूरा विश्वास रखें.''

भविष्य के सपने

अब इंद्रजीत IIT Roorkee में B.Tech करने जाना चाहते हैं. उनका लक्ष्य आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) और मशीन लर्निंग के क्षेत्र में काम करना है. वे Google या Microsoft जैसी कंपनियों में योगदान देना चाहते हैं.

जब उन्होंने रिजल्ट अपने माता-पिता को बताया तो पूरा परिवार भावुक हो गया. माता-पिता के चेहरे पर गर्व और आंखों में खुशी के आंसू देख इंद्रजीत खुद भी रो पड़े. वर्षों की मेहनत आखिरकार रंग लाई थी. इंद्रजीत की यह सफलता साबित करती है कि सच्ची लगन और सही दिशा में प्रयास किसी भी बाधा को पार कर सकता है.

JEE Advanced 2026 IIT success story first IITian from rajasthan village

Recent News